चटगांव टेस्ट 113 रनों के अंतर से जीतकर भारतीय टीम ने दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 24 जनवरी से राजधानी ढाका के करीब मीरपुर स्थित शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेला जाना है।
इस मैच में लक्ष्मण नहीं खेल पाएंगे। वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक टीम प्रबंधन ने कहा है कि लक्ष्मण शुक्रवार को स्वदेश लौट जाएंगे और उनके स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। लक्ष्मण ने दूसरी पारी में नाबाद 69 रन बनाए थे।
भारतीय टीम के प्रबंधक अरशद अयूब ने कहा, "लक्ष्मण को मैच के चौथे दिन बांग्लादेश के बल्लेबाज शहरयार नफीस का कैच लेते वक्त चोट लगी थी। वह कैच नहीं लपक सके थे। लक्ष्मण को अपनी अंगुली में दस टांके लगवाने पड़े थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।