Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

आस्ट्रेलियन ओपन : फेडरर और सेरेना जीते, भारत को मिश्रित सफलता (राउंडअप)

फेडरर और सेरेना गुरुवार को आसान जीत के साथ तीसरे दौर में पहुंच गए जबकि भारत के लिएंडर पेस और सानिया मिर्जा युगल मुकाबलों में जीत हासिल करने में सफल रहे लेकिन महेश भूपति को हार का सामना करना पड़ा।

पिछले वर्ष खिताबी मुकाबले में स्पेन के राफेल नडाल के हाथों हार का सामना करने वाले फेडरर ने रोमानिया के खिलाड़ी विक्टर हेनेस्कू को सीधे सेटों में 6-2, 6-3, 6-2 से पराजित किया। फेडरर ने 47वें वरीय हेनेस्कू के खिलाफ कुल 52 विनर लगाए। अगले दौर में फेडरर का सामना स्पेन के खिलाड़ी एंटोनियो मोंटानेस के साथ होगा।

सर्बिया के नोवाक जोकोविक, रूस के निकोली डेवीडेंको और साइप्रस के मार्कस बघदातिस ने भी पुरुषों के एकल मुकाबलों के तीसरे दौर में जगह पक्की कर ली है। मेलबर्न पार्क स्टेडियम में खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में जोकोविक ने स्विट्जरलैंड के मार्को च्युदिनेली को कड़े संघर्ष के बाद 3-6, 6-1, 6-1, 6-3 से हराया। जोकोविक 2008 में यहां खिताब जीत चुके हैं।

नौवें वरीय खिलाड़ी डेवीडेंको ने अपना शानदार फार्म जारी रखते हुए युक्रेन के इलया मारचेंको को 6-3, 6-3, 6-0 से पराजित किया। पुरुष वर्ग में उजबेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन ने माइकल बेरर को 7-5, 6-3, 6-4 से हराकर बड़ी जीत हासिल की जबकि स्पेन के निकोलस अल्माग्रो ने जर्मनी के बेंजामिन बेकर को पांच सेट तक चले संघर्ष के बाद 6-4, 6-2, 3-6, 4-6, 6-3 से मात दी।

वर्ष 2006 में आस्ट्रेलियन ओपन का फाइनल खेलने वाले साइप्रस के मार्कस बघदातिस अपने पसंदीदा कोर्ट पर खेलते हुए स्पेन के दिग्गज खिलाड़ी डेविड फेरर को पराजित किया। बघदातिस ने यह मैच 4-6, 3-6, 7-6 (7-4), 6-3, 6-1 से जीता।

उधर, सर्वोच्च वरीय महिला खिलाड़ी अमेरिका की सेरेना विलियम्स और उनकी बड़ी बहन वीनस विलियम्स तीसरे दौर में पहुंच गई हैं। गुरुवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में सेरेना ने जहां चेक गणराज्य की पेट्रा क्वीतोवा को सीधे सेटों में 6-2, 6-1 से पराजित किया वहीं वीनस ने आस्ट्रिया की सिबली बामर के खिलाफ 6-2, 7-5 से जीत हासिल की। सेरेना ने 2008 में यह खिताब जीता था।

सेरेना और वीनस के अलावा विश्व की चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डेनमार्क की कैरोलिन वोजनिएस्की, सातवीं वरीय बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका और नौवीं वरीय रूस की वेरा ज्योनारेवा तीसरे दौर में पहुंच गई हैं। वोजनिएस्की ने गुरुवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में जर्मनी की जूलिया ग्रेगेस को 6-3, 6-1 से पराजित किया वहीं एजारेंका ने स्विट्जरलैंड की स्टेफाने वोएग्ले को 6-4, 6-0 से मात दी।

ज्योनारेवा ने तीसरे दौर में जगह बनाने के लिए चेक गणराज्य की इवेता बेनेसोवा को 6-0, 6-3 से पराजित किया। पोलैंड की एगनिस्का रेडवांस्का और चीन की खिलाड़ी ली ना भी तीसरे दौर में पहुंचने में सफल रही हैं। रेडवांस्का ने जहां रूस की एला कुर्दावत्सेवा को 6-0, 6-2 से मात दी वहीं ना ने हंगरी की खिलाड़ी एग्नेस सावे को 3-6, 7-5, 6-2 से हराया।

वर्ष 2008 में फ्रेंच ओपन खिताब जीतने वाली सर्बिया की एना इवानोविक को हालांकि हार का सामना करना पड़ा है। विश्व की पूर्व सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी इवानोविक को दूसरे दौर में अर्जेटीना की गिसेला डुल्को ने 6-7, 7-5, 6-4 से हराया। इवानोविक ने 2008 में फाइनल खेला था। उन्हें सेरेना ने पराजित किया था।

अन्य मुकाबलों में स्पेन की कार्ला साउरेज नावारो ने जर्मनी की एंड्रिया पेटकोविच को 6-1, 6-4 से पराजित किया जबकि तीसरे दौर में जगह बनाने के लिए इजरायल की सहर पीर ने बुल्गारिया की टेवेंटाना पिरोनकोवा पर 6-1, 6-4 से आसान जीत दर्ज की।

गुरुवार को मेलबर्न पार्क में भारत के लिए मिश्रित नतीजे सामने आए। लिएंडर पेस और सानिया मिर्जा ने युगल मुकाबलों में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है लेकिन महेश भूपति को पहले दौर में ही हार का सामना करना पड़ा है।

भूपति और बेलारूस के मैक्स मिर्नी की चौथी वरीय जोड़ी को पुरुषों को युगल मुकाबलों में जर्मनी के माइकल कोल्हमैन और फिनलैंड के जार्को नेमिनेन के हाथों 4-6, 4-6 से हार मिली।

पेस और उनके जोड़ीदार चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही ने जीत के साथ शुरुआत की। यह जोड़ी 2009 में फ्रेंच और अमेरिकी ओपन का खिताब जीत चुकी है। पेस और डुल्ही ने अपने पहले दौर के मुकाबले में चेक गणराज्य के लियोस फ्रींडेल और डेविड स्कॉट को सीधे सेटों में 6-3, 6-1 से पराजित किया। पेस-डुल्ही अगले दौर में अर्जेटीना के लुकास अर्नाल्ड केर और रोमानिया के होरिया तेकाउ से भिड़ेंगे।

महिलाओं के युगल वर्ग में सानिया और उनकी जोड़ीदार स्पेन की वर्जिनिया रुआनो पास्क्वेल भी जीत हासिल करने में सफल रहीं। सानिया और पास्क्वेल ने इंडोनेशिया की यायुक बासुकी और जापानी किमिको डेट क्रुमन को 6-4, 6-2 से हराया। अगले दौैर में इस जोड़ी की भिड़ंत इटली की तातियाना गारबिन और स्विट्जरलैंड की तिमिया बैकसिंज्की से होगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:30 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+