टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने निर्धारित 50 ओवरों की समाप्ति के बाद छह विकेट के नुकसान पर 267 रन बनाए।
मेजबान टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन ने सर्वाधिक 69 रन बनाए जबकि ब्रिस्बेन में खेले गए पहले मैच में पहले मैच में शतक लगाने वाले कैमरून व्हाइट ने 55 रनों का योगदान दिया।
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श के बल्ले से भी 41 रन निकले। कप्तान रिकी पोंटिंग (13) ने निराश किया लेकिन माइकल क्लार्क (25) और माइकल हसी (29) ने संक्षिप्त किंतु उपयोगी पारियां खेलीं।
वॉटसन ने अपनी 71 गेंदों की पारी के दौरान नौ चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने मार्श के साथ पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े। मार्श ने 60 गेंदों पर चार चौके लगाए।
व्हाइट ने अपनी छवि के अनुरूप खेलते हुए 58 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का लगाया। विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन 14 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पाकिस्तान की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर ने तीन विकेट झटके जबकि शाहिद अफरीदी को दो सफलता मिली। उमर गुल एक विकेट लेने में सफल रहे।
पांच मैचों की श्रृंखला में मेजबान टीम 1-0 से आगे चल रही है। उसने शुक्रवार को ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेले गए पहले मैच में पाकिस्तान को पांच विकेट से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।