सहवाग और आचरेकर सहित खेल जगत की 6 हस्तियों को पद्मश्री
भारत सरकार ने सोमवार को जिन मशहूर हस्तियों को पद्म सम्मान से नवाजने की घोषणा की, उनमें पद्मश्री से अलंकृत किए जाने वालों की सूची में सहवाग और आचरेकर के अलावा फार्मूला वन चालक नारायण कार्तिकेयन, बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल, मुक्केबाज विजेंदर सिंह और हॉकी खिलाड़ी इग्नेस टिर्की के नाम शामिल हैं।
सहवाग टेस्ट मैचों में भारत की ओर से दो तिहरे शतक लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं जबकि आचरेकर की ख्याति तेंदुलकर के अलावा विनोद कांबली और प्रवीण आमरे जैसे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटरों का गुरु होने के कारण है।
सायना देश की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। सायना ने 19 वर्ष की उम्र में बीजिंग ओलंपिक के एकल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर सनसनी फैला दी थी। इस मुकाम तक पहुंचने वाली वह देश की एकमात्र बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।
कार्तिकेयन को देश का एकमात्र फार्मूला वन चालक होने का गौरव प्राप्त है। कार्तिकेयन ने 2007 सत्र में मोटर रेसिंग की दुनिया में अपनी छाप छोड़ी थी। वह मोटर रेसिंग की ए-1 विश्व चैम्पियनशिप में भारतीय टीम के चालक हैं।
इग्नेस टिर्की भारत के सबसे अनुभवी हॉकी खिलाड़ियों में शुमार हैं। लगभग एक दशक से अधिक समय तक भारतीय हॉकी की अपेक्षाओं को वहन करने वाले इग्नेस ने उड़ीसा के एक बेहद पिछड़े इलाके से बाहर निकलकर अपनी पहचान कायम की है।
सहवाग की तरह विजेंदर भी किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। 2008 के बीजिंग ओलंपिक से पहले इस मुक्केबाज को शायद ही कोई जानता था लेकिन बीजिंग में कांस्य पदक जीतकर विजेंदर भारतीय खेल जगत और खासकर मुक्केबाजी जगत के महानायक बन गए। विजेंदर ओलंपिक में व्यक्तिगत पदक जीतने वाले एकमात्र भारतीय मुक्केबाज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications