क्रिकेट वेबसाइट पाकपैशन डॉट नेट के मुताबिक अफरीदी ने एक बयान के जरिए कहा कि आईपीएल की नीलामी के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ जो व्यवहार किया गया, उससे उन्हें बहुत आघात पहुंचा। वह हालांकि इस मुद्दे को अब यहीं खत्म करना चाहते हैं।
अफरीदी ने कहा, "आईपीएल की नीलामी के बाद मैं बहुत नाराज था। पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हुआ व्यवहार बहुत गलत था। मैं नहीं जानता यह किसकी गलती थी। मुसलमान होने के नाते मैं उन्हें माफ कर देना चाहता हूं और इसे भूलना चाहता हूं।"
भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत कुछ एक जैसे होने की बात करते हुए उन्होंने कहा, "जंग और टाइम्स ऑफ इंडिया समूह की ओर से 'अमन की आशा' प्रोजक्ट चलाया जा रहा है। हमें कैसे आगे बढ़ना है, यह सोचने की जरूरत है। दो महान देशों के बीच शांति बनाए रखने के लिए खेल को एक उपकरण के तौर पर इस्तेमाल किया जाना चाहिए।"
आफरीदी ने कहा, "यदि मुझे भारत में खेलने के लिए आमंत्रित किया गया तो मैं खुशी-खुशी वहां जाउंगा। मेरे कई मित्र हैं वहां पर। भारत और पाक के बीच सीमाएं है लेकिन ये सीमाएं मानवता को अलग नहीं कर सकती।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।