पहली पारी के आधार पर भारत को मिली 311 रनों की बढ़त के बाद बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम के बल्लेबाजों ने अपनी दूसरी पारी में संभलकर बल्लेबाजी आरंभ की। हालांकि 19 के स्कोर पर तेज गेंदबाज जहीर खान ने बांग्लादेश को पहला झटका दिया। इमरूक कायेस पांच रन बनाकर आउट हुए। स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में क्षेत्ररक्षण कर रहे विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कायेस का शानदार कैच लपका।
इसके बाद जुनैद सिद्दीकी कायेस का स्थान लेने आए। इकबाल के साथ मिलकर उन्होंने अब तक 157 रनों की साझेदारी की है। इकबाल 124 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि सिद्दीकी 40 रन बनाकर मैदान पर जमे हुए हैं। इकबाल ने अपनी शानदार शतकीय पारी के दौरान 17 चौके व दो छक्के जड़े।
पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश की टीम अभी भी 135 रन पीछे है जबकि उसके नौ विकेट अभी शेष हैं।
इससे पहले भारत ने दूसरे दिन के स्कोर पांच विकेट पर 459 रनों से आगे खेलना शुरू किया। पहले विकेट के रूप में जहीर खान का विकेट गिरा। वह शून्य रन पर शरफुल इस्लाम की गेंद पर शहादत हुसैन को कैच दे बैठे। ईशांत शर्मा भी 13 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे दिन भारत ने 30.1 ओवरों के खेल में 85 रन बनाए। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने 89 रन बनाए और महज 11 रनों से शतक से चूके गए।
भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर के शतकों की सहायता से पांच विकेट पर 459 रन बनाए थे। द्रविड़ को शहादत हुसैन की एक गेंद से जबड़े में चोट लगने के कारण मैदान से हटना पड़ा था। बांग्लादेश की पहली पारी 233 रनों पर सिमट गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।