घुटने में दर्द के कारण नडाल ने बीच में ही मैच छोड़ा, मरे सेमीफाइनल में
मेलबर्न, 26 जनवरी (आईएएनएस)। साल की पहली ग्रेंड स्लैम प्रतियोगिता आस्ट्रेलियन ओपन से पिछले साल के विजेता राफेल नडाल बाहर हो गए हैं। घुटने में दर्द के कारण उन्हें एंडी मरे के खिलाफ बीच में ही मैच छोड़ना पड़ा। इसके साथ ही मरे प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंच गए।
घुटने में दर्द की इसी समस्या के कारण स्पेन का यह खिलाड़ी पिछले साल विम्बलडन का खिताब भी नहीं बचाए रख सका था।
नडाल के मैच छोड़ते ही मरे ने सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। नडाल इस मैच में 6-3, 7-6, 3-0 से पिछड़े हुए थे।
एक अन्य मुकाबले में क्रोएशिया के मारिन सिलिक ने एंडी रोडिक को पांच सेटों के मैराथन मुकाबले में 7-6, 6-3, 3-6, 2-6, 6-3 पराजित किया। रोडिक कंधे की चोट से परेशान थे, बावजूद उन्होंने मुकाबला जीतने की भरपूर कोशिश की।
मरे की सेमीफाइनल में अब सिलिक से भिडंत होगी।
महिलाओं के एकल मुकाबले में जस्टिन हेनिन अपना पुराना रुतबा प्राप्त करने की ओर बढ़ती दिख रही हैं। उन्होंने नादिया पेट्रोवा को 7-6, 7-5 से पराजित किया और सेमीफाइनल में अपना स्थान बनाया।
सेमीफाइनल में उनका मुकाबला चीन की झेंग जी से होगा। जी ने रुस की मारिया किरिलेंको को 6-1,6-3 से पराजित कर पहले सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications