एमआरएफ चैलेंज सीरीज के अंतर्गत फार्मूला 1600-सीसी रेस की शुरुआत करने यहां पहुंच गंभीर ने कहा कि राहुल द्रविड़ का चोटिल होना भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका है। गंभीर ने आशा जताई की जीत के साथ इस वर्ष की शुरुआत करने वाली उनकी टीम द्रविड़ जैसे भरोसेमंद बल्लेबाज के बगैर भी दक्षिण अफ्रीका से लोहा लेने में सफल रहेगी।
गंभीर ने कहा, "हमें एक इकाई के तौर पर खेलना होगा। पहले गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी, हमें अच्छी शुरुआत करनी होगी। बल्लेबाजों को गेंदबाजों के लिए अच्छा स्कोर खड़ा करना होगा और इसी तरह गेंदबाजों को विपक्षी टीम को सस्ते में समेटने के लिए प्रयास करना होगा।"
गंभीर ने कहा कि दक्षिण अफ्रीकी टीम को अपने तेज गेंदबाजों-डेल स्टेन और मोर्न मोर्कल पर नाज है लेकिन भारत के पास भी जहीर खान और ईशांत शर्मा के रूप में माकूल जवाब मौजूद है। ईशांत और जहीर ने बांग्लादेश के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके साबित कर दिया है कि वे अच्छी लय में हैं।
गंभीर ने इंडियन प्रीमियर लीग की नीलामी में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए बोली नहीं लगाए जाने के मद्दे पर कुछ कहने से इन्कार कर दिया।
गंभीर ने कहा, "मैं इस संबंध में ज्यादा नहीं जानता लेकिन मुझे इतना जरूर पता है कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में भी हमारे पास कई बेहद अच्छे और प्रतिस्पर्धी विदेशी खिलाड़ी हैं। हमारी दिल्ली डेयरडेविल्स टीम में मोहम्मद आसिफ जैसा गेंदबाज नहीं है लेकिन फिर भी मैं मानता हूं कि हमारी टीम काफी संतुलित है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।