मीडिया को नेशनल स्टेडियम में घुसने से रोका गया
गिल ने एक सप्ताह पहले विश्व कप के आयोजन स्थल के तौर पर इस स्टेडियम को राष्ट्र को समर्पित किया था लेकिन बुधवार को राष्ट्रीय हॉकी टीम का प्रशिक्षण शिविर देखने पहुंचे मीडियाकर्मियों को स्टेडियम में घुसने नहीं दिया गया।
भारतीय टीम पुणे में अभ्यास करने के बाद अब नेशनल स्टेडियम में अभ्यास कर रही है। बुधवार को यहां उसके अभ्यास सत्र का पहला दिन था और इसी कारण मीडिया ने इसमें खास दिलचस्पी दिखाई लेकिन उसे निराश होना पड़ा जब स्टेडियम का मुख्य द्वार उसके लिए बंद कर दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण ने सुरक्षा कारणों से मीडिया के स्टेडियम में प्रवेश पर रोक लगा दी है। इस कारण अभ्यास सत्र का कवरेज नहीं हो सका। सुरक्षा की मौजूदा स्थिति विश्व कप में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों के साथ भी होगी।
खेल मंत्रालय के प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "सुरक्षा कारणों से यह फैसला लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि मीडियाकर्मियों को संभालने के लिए उन्हें बड़ी संख्या में जवानों की जरूरत पड़ेगी और वह फिलहाल स्टेडियम की सुरक्षा में बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की स्थिति में नहीं है।"
मीडिया ही नहीं, हॉकी अधिकारियों को भी स्टेडियम में घुसने नहीं दिया गया। हॉकी इंडिया ने कहा है कि खेल मंत्रालय का यह रवैया उसके लिए आश्चर्य का विषय है।
कई मीडियाकर्मी जब स्टेडियम में घुसने को लेकर सुरक्षाकर्मियों के साथ बातचीत कर रहे थे, तभी कुछ मीडियाकर्मी और फोटोग्राफर सुरक्षा व्यवस्था का मखौल उड़ाते हुए किसी दूसरे रास्ते से स्टेडियम में घुस गए।
माना जा रहा है कि भारतीय टीम के कोच जोस ब्रासा को मीडिया के सामने बयान देने से संभवत: मना किया गया है। स्टेडियम से बाहर आते वक्त ब्रासा ने कहा, "इस संबंध में मैं कुछ नहीं कह सकता।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications