दिन की समाप्ति तक यूसुफ ने 71 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके और पांच छक्के लगाए थे। पहली पारी में शतक लगाकर अपनी टीम को मुश्किल से उबारने वाले यूसुफ काफी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्हें दिन के आखिरी सत्र में अपने छोटे भाई इरफान पठान (42) का अच्छा साथ मिला लेकिन इरफान 378 रन के कुल योग पर दिन के आखिरी विकेट के रूप में पेवेलियन लौट गए। इरफान ने अपनी पारी में 47 गेंदें खेलकर सात चौके लगाए।
सलामी बल्लेबाज चिराग पाठक के शानदार शतक और कप्तान वसीम जाफर के अर्धशतक की बदौलत पश्चिम क्षेत्र ने भोजन काल तक एक विकेट गंवाने के बावजूद अपनी स्थिति मजबूत कर ली थी लेकिन जल्दी-जल्दी तीन विकेट गिरने के कारण वह काफी हद तक मुश्किल में नजर आने लगी। इसके बाद यूसुफ और इरफान ने अपनी टीम को मुश्किल से उबारने का काम किया।
मैच के तीसरे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन बनाने वाली पश्चिम क्षेत्र की टीम को पहला झटका 117 रन के कुल योग पर लगा। तीसरे दिन आठ रन पर नाबाद लौटने वाले सलामी बल्लेबाज हर्षद खादीवाले 97 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 45 रन बनाकर पेवेलियन लौटे।
इसके बाद चिराग और जाफर कुल योग को 224 रनों तक ले गए लेकिन इसी योग पर चिराग 130 रन बनाकर आउट हो गए। चिराग ने अपनी 168 गेंदों की पारी में 16 चौके और तीन छक्के लगाए।
पश्चिम की टीम ने 229 के कुल योग पर भाविक ठाकर (0) और 263 के कुल योग पर जाफर (66) का विकेट गंवा दिया। जाफर ने अपनी 138 गेंदों की पारी के दौरान छह चौके लगाए। रवींद्र जडेजा से टीम को काफी उम्मीद थी लेकिन उन्होंने निराश किया। वह एक रन बनाकर पेवेलियन लौैटे।
इससे पहले, गुरुवार को दक्षिण क्षेत्र ने कप्तान दिनेश कार्तिक (150) और मुरलीधरन गौतम (88) की सधी हुई पारियों की बदौलत अपनी दूसरी पारी नौ विकेट पर 386 रन पर घोषित कर दी थी। पहली पारी के आधार पर उसे 149 रनों की बढ़त मिली थी। इस तरह उसकी कुल बढ़त 535 रनों की हो गई।
दक्षिण क्षेत्र ने कार्तिक की 183 रनों की शानदार कप्तानी पारी की मदद से अपनी पहली पारी में 400 रन बनाए थे जबकि पश्चिम क्षेत्र की टीम चंद्रशेखर गणपति (75/5) की शानदार गेंदबाजी के कारण अपनी पहली पारी में 251 रन ही बना सकी थी। इसमें यूसुफ (108) का शतक भी शामिल है।
दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली जा रही टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे कार्तिक ने चयनकर्ताओं के करारा जवाब देते हुए पहली पारी में 226 गेंदों का सामना करते हुए 25 चौके और एक छक्का लगाया था जबकि दूसरी में 150 रन बनाने के लिए उन्होंने 162 गेंदों पर 22 चौके लगाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।