हैदराबाद, 6 फरवरी (आईएएनएस)। उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के पांचवें दिन लंच तक का खेल खत्म होने तक पश्चिम क्षेत्र ने सात विकेट के नुकसान पर 485 रन बना लिए थे। दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ इस मैच को जीतने के लिए पश्चिम क्षेत्र को 51 और रन बनाने हैं जबकि उसके तीन विकेट शेष हैं।
पांचवें दिन लंच तक का खेल खत्म होने तक युसूफ पठान 171 रन बनाकर अभी भी मैदान पर डटे हुए थे। रमेश पवार उनका साथ दे रहे थे। वह एक रन पर नाबाद हैं।
इससे पहले, मैच के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट के नुकसान पर 379 रन से आगे खेलते हुए पश्चिम क्षेत्र ने शनिवार को पी. शाह का विकेट गंवाया। वह 16 रन बनाकर आउट हुए।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण क्षेत्र में पश्चिम क्षेत्र के समक्ष जीत के लिए 536 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। पश्चिम क्षेत्र को यह मैच जीतने के लिए अभी भी 51 रन बनाने की आवश्यकता है जबकि उसके तीन विकेट शेष हैं। पश्चिम क्षेत्र का सारा दारोमदार पठान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।