दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के स्कोर छह विकेट पर 558 (घोषित) के जवाब में भारतीय टीम ने भोजनकाल तक तीन विकेट के नुकसान पर 119 रन बना लिए थे। सहवाग 90 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 63 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि बद्रीनाथ ने 56 गेंदों पर एक चौके की मदद से 23 रन बनाए थे।
दूसरे दिन के अपने स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 25 रन से आगे खेलते हुए भारतीय टीम ने पहले सत्र में ही तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। डेल स्टेन और मोर्न मोर्कल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए गौतम गंभीर (12), मुरली विजय (4) और सचिन तेंदुलकर (7) को चलता किया।
गंभीर मोर्कल की गेंद पर विकेट के पीछे मार्क बाउचर के हाथों लपके गए जबकि विजय को स्टेन ने अपनी एक शानदार इनकटर गेंद पर बोल्ड किया। तेंदुलकर को भी स्टेन ने विकेट के पीछे कैच कराया।
56 रन के कुल योग पर तीन विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम भारी संकट में आ गई थी लेकिन उसके बाद भोजनकाल तक बद्रीनाथ और सहवाग ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दोनों बल्लेबाज चौथे विकेट के लिए नाबाद 68 रन जोड़ चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने हाशिम अमला (नाबाद 253) के करियर के पहले दोहरे शतक की बदौलत विशाल स्कोर खड़ा किया है। दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए जैक्स कैलिस ने भी 173 रनों की शानदार पारी खेली। कैलिस ने अपने करियर का 34वां शतक लगाते हुए सुनील गावस्कर की बराबरी की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।