फार्मूला वन सर्किट में मौजूद एकमात्र भारतीय टीम-फोर्स इंडिया के चालक वेंलेंटोनियो लियूजी ने अपनी वीजेएम03 कार की सवारी करते हुए जेरेज सर्किट में जारी अभ्यास सत्र के दूसरे दिन पांचवां श्रेष्ठ समय निकाला।
लुइजी ने गुरुवार को एक लैप (सर्किट की ट्रैक का एक चक्कर) पूरा करने के लिए एक मिनट 20.754 सेंकेड का समय लिया। जेरेज ट्रैक की लंबाई 4.428 किलोमीटर है।
दूसरे दिन के अभ्यास सत्र के बाद लियूजी ने कहा, "हमने सभी तरह के माहौल में परीक्षण किया है। हम अब तक के अपने प्रदर्शन से खुश हैं। हमारा काम संतोषप्रद तरीके से चल रहा है और हम अगले दो-तीन दिनों में अपनी कार के साथ बेहतर से बेहतर परिणाम हासिल करने का प्रयास करेंगे।"
बीएमडब्ल्यू-साउबर टीम के जापानी चालक कामुइ काबायाशी ने सबसे तेज समय निकाला। काबायाशी ने एक लैप पूरा करने के लिए 1 मिनट 19.995 सेकेंड समय लिया।
टोरो रोसो टीम के चालक सबास्टियन बुएमी ने एक मिनट 20.026 सेकेंड के साथ दूसरा सबसे तेज समय निकाला जबकि मौजूदा विश्व चैम्पियन मैक्लॉरेन टीम के जेनसन बटन एक मिनट 20.618 सेकेंड समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
मर्सीडीज टीम के लिए सात बार के विश्व चैम्पियन माइकल शूमाकर भी अभ्यास कर रहे हैं। शूमाकर तीन साल के बाद फार्मूला वन सर्किट में वापसी कर रहे हैं।
शूमाकर ने अभ्यास सत्र के दूसरे दिन छठा सबसे तेज समय निकाला। अपनी मर्सीडीज ग्रां पी कार में सवार शूमाकर ने सत्र के दौरान 124 लैप पूरे किए और एक लैप का चक्कर लगाने के लिए सबसे कम 1 मिनट 21.083 सेकेंड समय लिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।