'बादशाहत' बचाने के लिए उतरेगी टीम इंडिया
दक्षिणी अफ्रीकी टीम दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे है। उसने नागपुर में खेले गए पहले मैच में भारत को एक पारी और छह रनों से मात दी थी। अगर वह कोलकाता का मैच ड्रॉ कराने में भी सफल रहती है तो विश्व रैंकिंग वह दुनिया की शीर्ष टेस्ट टीम बन जाएगी।
फिलहाल भारत विश्व की सर्वोच्च टेस्ट टीम है। ऐसे में उसे अपने इस मुकाम पर बने रहने के लिए कोलकाता टेस्ट हर हाल में जीतना होगा। इसके लिए पहले टेस्ट में कमजोर नजर आई भारतीय टीम के बल्लेबाजों को यहां अपने कद के मुताबिक ही प्रदर्शन करना होगा। वैसे भारतीय बल्लेबाजों के कद को देखते हुए इतना कहा जा सकता है कि अगर वे लय में रहे तो डेल स्टेन और पॉल हैरिस भी घुटने टेक सकते हैं।
पहले टेस्ट में टीम से बाहर रहे लक्ष्मण की वापसी भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत है। लक्ष्मण के लिए भी यह बेहद अहम है क्योंकि श्रृंखला का दूसरा और आखिरी टेस्ट उनके पसंदीदा ईडन गरडस मैदान पर होगा। ऐसे में सबकी निगाहें उन पर होना लाजिमी है। वैसे ईडन गरडस लक्ष्मण का बहुत पसंदीदा मैदान रहा है। उन्होंने यहां अब तक कुल आठ टेस्ट मैच खेले हैं और इनमें 81.3 की औसत से 898 रन बनाए हैं। इनमें तीन शतक शामिल हैं।
राहुल द्रविड़ की गैरमौजूदगी टीम को यहां भी खल सकती है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर विगत तीन टेस्ट मैचों में तीन शतक जड़ चुके हैं। टीम को उनसे यहां भी बड़े स्कोर की उम्मीद रहेगी।
टीम की गेंदबाजी में धार की कमी नजर आती है। दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह इस मैदान पर शायद अपनी सुनहरी यादों की वजह से लय में लौट आएं। इसी मैदान पर 2001 में उन्होंने हैट्रिक ली थी। वैसे गेंदबाजी आक्रमण का पूरा दारोमदार यहां तेज गेंदबाज जहीर खान के कंधों पर ही होगा।
उधर, दक्षिणी अफ्रीकी टीम पूरी लय में है। पहला टेस्ट जीतने से उसके हौसले भी बंलुद हैं। टीम के लिए थोड़ी परेशानी कप्तान ग्रीम स्मिथ का चोटिल होना है। उनके खेलने पर संशय है। वैसे भी उनकी अनुपस्थिति में भी मेहमान टीम का बल्लेबाजी क्रम ऐसा है जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण का सामना करने में सक्षम है। टीम में जैक कैलिस और हाशिम अमला शानदार फार्म में है। इन दोनों ने पहले टेस्ट में शानदार शतक लगाया था। एबी डीविलियर्स और एशले पिं्रस कभी भी बल्ले की खामोशी तोड़ सकते हैं।
मेहमान टीम का सबसे मजबूत स्तंभ उसका गेंदबाजी आक्रमण है। नागपुर में अगर भारत को एक पारी और छह रनों की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी तो उसमें तेज गेंदबाज स्टेन का बहुत बड़ा हाथ था। उनकी तूफानी गेंदों के सामने भारतीय बल्लेबाजी क्रम का लगभग हर सूरमा चित हो गया था। उन्होंने पहली पारी में सात विकेट और दूसरी पारी में तीन विकेट चटकाए थे। स्पिनर पॉल हैरिस भी अपना फिरकी जादू दिखा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications