दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका, कैलिस आउट (लीड-4)
लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस को विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धौनी के हाथों कैच कराकर मेहमान टीम को तीसरा झटका दिया। कैलिस ने 47 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौकों की सहायता से 20 रन बनाए।
कैलिस ने हाशिम अलमा के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन जोड़े। खबर लिखे जाने तक दक्षिण अफ्रीका ने ती विकेट खोकर 111 रन बनाए थे। अमला 74 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 45 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि एश्वेल प्रिंस ने खाता नहीं खोला था।
मेहमान टीम को सलामी बल्लेबाज एल्वारो पीटरसन के रूप में दूसरा झटका लगा था। स्पिनर हरभजन सिंह ने पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले पीटरसन को पेवेलियन की राह दिखाई थी। पीटरसन 21 रन बनाकर हरभजन की गेंद पर एस. बद्रीनाथ के हाथों लपके गए। पीटरसन का विकेट 54 रन के कुल योग पर गिरा।
इससे पहले, मेहमान टीम ने 36 रन के कुल योग पर कप्तान ग्रीम स्मिथ का विकेट गंवाया था। स्मिथ 20 रन बनाकर मिश्रा की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम ने बिना कोई विकेट खोए छह रन बनाए थे।
भारतीय टीम ने तीसरे दिन के तीसरे सत्र में छह विकेट के नुकसान पर 643 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। भारत को कुल 347 रनों की बढ़त मिली थी। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 296 रन बनाए थे। इस लिहाज से मेहमान टीम अभी भी 236 रन पीछे चल रही है जबकि पारी की हार बचाने के लिए उसके सात विकेट शेष हैं।
रात में हुई जोरदार बारिश के कारण चौथे दिन का खेल समय से शुरू नहीं हो सका। खेल शुरू होने का निर्धारित समय 9.30 बजे था लेकिन दो बार मुआयना करने के बाद आखिरकार खेल एक घंटे विलंब से शुरू हुआ। खराब रोशनी के कारण तीसरे दिन का खेल भी लगभग 45 मिनट पहले समाप्त कर दिया गया था।
दो मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है। नागपुर में खेले गए पहले मैच में उसने भारत को एक पारी और छह रनों से पराजित किया था। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का टेस्ट टीम का ताज हासिल करने के लिए भारतीय टीम को यह मैच किसी भी हाल में जीतना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications