Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block

सुरक्षा को लेकर न घबराएं विदेशी टीमें : भारत (राउंडअप)

सुरक्षा हालात का जायदा लेने जम्मू एवं कश्मीर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने खिलाड़ियों को सुरक्षा मुहैया कराने के मुद्दे पर कहा, "खिलाड़ियों को हर तरह की सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। इस संबंध में हम किसी आतंकवादी संगठन की शर्ते नहीं मान सकते। विदेशी टीमें बिना हिचके भारत आएं। हम उनका स्वागत करना चाहते हैं। अपनी सुरक्षा को लेकर घबराने की उन्हें कोई जरूरत नहीं है।"

हॉकी इंडिया (एचआई) की कार्यकारी अध्यक्ष विद्या स्टोक्स ने भी बुधवार को कहा कि किसी भी विदेशी टीम को भारत आने के संबंध में सुरक्षा हालात को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।

स्टोक्स ने कहा कि भारत सरकार 28 फरवरी से नई दिल्ली में होने वाले हीरो होंडा विश्व कप के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम कर रही है। स्टोक्स ने कहा कि किसी भी देश के खिलाड़ी या अधिकारी को सुरक्षा के लिए चिंतित नहीं होना चाहिए क्योंकि विश्व कप के दौरान उनकी सुरक्षा का जिम्मा सीधे सरकार के हाथों में है।

स्टोक्स ने कहा, "चिंता की कोई बात नहीं है। हम सभी टीमों को भारत में जबरदस्त सुरक्षा मुहैया कराएंगे। किसी को भी किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। हम अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के संपर्क में हैं। अंतर्राष्ट्रीय संगठन ने सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की चिंता नहीं जाहिर की है।"

अलकायदा से जुड़े आतंकवादी इलियास कश्मीरी ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को अपने खिलाड़ियों को हॉकी विश्व कप 2010, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत नहीं भेजने की चेतावनी जारी की है। इसे लेकर न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया की टीमों ने भारत आने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की बात कही है।

इस बीच, भारत दौरे के लिए पहले तैयार न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया की टीमों ने आतंकवादी संगठन की धमकी के बाद अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की बात कही है।

न्यूजीलैंड हॉकी टीम आस्ट्रेलिया के साथ दो अभ्यास मैच खेलने के लिए इन दिनों आस्ट्रेलिया में है। उसे बुधवार और गुरुवार को पर्थ में अभ्यास मैच खेलने हैं। समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक अभ्यास मैच खेलने के बाद कीवी टीम भारत जाने संबंधी अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगी।

टीम प्रबंधन ने कहा कि उसका हॉकी विश्व कप में खेलने का इरादा है लेकिन अंतिम सूचना मिलने तक खिलाड़ियों को पर्थ में ही बने रहने को कहा गया है। हॉकी न्यूजीलैंड की मुख्य कार्यकारी हिलेरी पूल ने कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और यही कारण है कि टीम को नई दिल्ली के लिए रवाना करने से पहले वह हालात के मुताबिक कार्य करना चाहती हैं।

पत्र ने पूल के हवाले से लिखा है, "हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पहले हमारा भारत जाने का इरादा था लेकिन 24 घंटे के अंदर बदले हालात ने हमें अपने फैसले पर पुनर्विचार करने पर मजबूर कर दिया है।"

उधर, आस्ट्रेलियाई टीम प्रबंधन ने कहा है कि उनके खिलाड़ी भारत जाने को तैयार है लेकिन फिलहाल उनकी टीम को 'हालात का जायजा लिए जाने तक इंतजार करने को कहा गया है क्योंकि उसी के आधार पर आगे कोई फैसला लिया जाएगा।'

हॉकी आस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मार्क एंडरसन ने कहा कि उनकी टीम का 28 फरवरी से नई दिल्ली में होने वाले विश्व कप में खेलने का इरादा जस का तस बना हुआ है लेकिन आतंकी हमले की धमकी के बाद सुरक्षा हालात का जायजा लेने के लिए फिलहाल टीम को इंतजार करने को कहा गया है।

सुरक्षा कारणों से आस्ट्रेलियाई टीम 2004 में पाकिस्तान में खेली गई चैम्पियंस ट्रॉफी से अपना नाम वापस ले लिया था। हॉकी आस्ट्रेलिया ने बुधवार को कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, लिहाजा वह हमले की धमकी को गंभीरता से लेते हुए हालात का जायजा ले रहा है।

एंडरसन ने कहा कि टीम को रविवार को भारत रवाना होना है लेकिन उससे पहले भारत में सुरक्षा हालात को लेकर गहन विचार-विमर्श और आकलन किया जाना है। एंडरसन ने कहा, "हम किसी भी खिलाड़ी पर भारत जाने को लेकर दबाव नहीं डाल रहे हैं। उनकी सुरक्षा हमारा लक्ष्य है और इसी को ध्यान में रखकर हम हालात का जायजा ले रहे हैं।"

एंडरसन के मुताबिक उनकी टीम का आगे का सफर सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों पर निर्भर करेगा। बकौल एंडरसन, "अगर हमें कोई सलाह दी जाती है तो हम उसके हिसाब से अपना कार्यक्रम बदल सकते हैं लेकिन फिलहाल हमारा इरादा विश्व कप में खेलने का है। विदेश और वाणिज्य विभाग हालात का जायजा ले रहा है और हम उसके साथ संपर्क बनाए हुए हैं। इस संबंध में हम खिलाड़ियों को ताजातरीन जानकारी देते रहेंगे क्योंकि उसमें उनकी सहमति बहुत जरूरी है।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Story first published: Tuesday, November 14, 2017, 12:31 [IST]
Other articles published on Nov 14, 2017
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+