180 रन के कुल योग पर सात विकेट चटकाने के बाद भारतीय टीम को जीत की खुशबू आने लगी थी लेकिन अमला और पार्नेल ने आठवें विकेट के लिए नाबाद 54 रन जोड़कर उसकी इस खुशी को फिलहाल फीका कर दिया है।
खबर लिखे जाने तक मेहमान टीम ने सात विकेट के नुकसान पर 234 रन बना लिए थे। अमला 280 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 104 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि पार्नेल ने 14 रन बनाए थे। अमला ने 268 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। मेहमान टीम का सातवां विकेट 180 रन के कुल योग पर गिरा था।
बारिश और खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने तक मेहमान टीम ने चौथे दिन तीन विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए थे। वह भारतीय टीम से पहली पारी की तुलना में अब भी 112 रन पीछे चल रही है। पांचवें दिन मेहमान टीम ने एश्वेल पिं्रस (23), अब्राहम डिविलियर्स (3), जीन पॉल डुमिनी (6) और डेल स्टेन (1) का विकेट गंवाया।
भारतीय टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 643 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। भारत को कुल 347 रनों की बढ़त मिली थी। दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 296 रन बनाए थे। इस लिहाज से मेहमान टीम अभी भी 168 रन पीछे चल रही है जबकि पारी की हार बचाने के लिए उसके तीन विकेट शेष हैं।
दो मैचों की श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है। नागपुर में खेले गए पहले मैच में उसने भारत को एक पारी और छह रनों से पराजित किया था। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का टेस्ट टीम का ताज बरकरार रखने के लिए भारतीय टीम को यह मैच किसी भी हाल में जीतना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।