पाकिस्तानी टीम का कोच बनने को तैयार हूं: वकार
लाहौर, 20 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वकार यूनुस का कहना है कि वह राष्ट्रीय टीम का कोच बनने को तैयार हैं बशर्ते कि उन्हें इसका प्रस्ताव मिले।
आस्ट्रेलिया दौरे पर पाकिस्तानी टीम की करारी हार की वजह से टीम के मौजूदा कोच इंतिखाब आलम के स्थान पर किसी अन्य को लाने की कवायद तेज है। इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अब तक इमरान खान, वसीम अकरम और ग्रेग जैसे दिग्गजों से संपर्क कर चुका है। इमरान और अकरम ने निजी कारणों से इस जिम्मेदारी को संभालने से इंकार कर दिया है।
कभी पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण की जान रहे वकार आस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के गेंदबाजी कोच थे। उनकी नियुक्ति सिर्फ आस्ट्रेलिया दौरे के लिए की गई थी। अब कोच की जिम्मेदारी संभालने को तैयार हैं। स्थानीय समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' के अनुसार उन्होंने कहा, "अगर मुझे पेशकश की जाती है तो मैं पाकिस्तान टीम का कोच बनना पंसद करुं गा।"
वकार ने कहा, "पाकिस्तानी क्रिकेट आज भी मेरा जुनून और पहली प्राथमिकता है। परंतु मैं अल्प समय के लिए यह जिम्मेदारी नहीं संभालना चाहता। इसके लिए मुझे पूरा समय चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications