अल कायदा से जुड़े एक पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन द्वारा भारत में होने वाले खेल आयोजनों में हिस्सा लेने वाली टीमों पर हमले की धमकी दिए जाने के बाद से हॉकी न्यूजीलैंड ने एहतियात के तौर पर अपनी टीम की भारत रवानगी रोक दी थी। पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक कीवी टीम को रविवार को ही भारत रवाना होना था।
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक कीवी हॉकी संघ ने कहा है कि उसकी टीम पर्थ से ही नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। विश्व कप के मद्देनजर आस्ट्रेलियाई टीम के साथ दो अभ्यास मैच खेलने के बाद कीवी टीम भारत जाने के संबंध में अगला आदेश मिलने तक पर्थ में ही डेरा डाले हुए है।
पत्र के मुताबिक हॉकी न्यूजीलैंड ने अपने देश की सरकार और भारत में मौजूद स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर अपनी टीम को भारत जाने के संबंध में हरी झंडी दी।
हॉकी न्यूजीलैंड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिलेरी पूल ने कहा, "हमें भारत में सुरक्षा के संबंध में सकारात्मक रिपोर्ट मिली है। इसके बाद हमने अपनी टीम को नई दिल्ली भेजने का फैसला किया। हमारे एक खिलाड़ी साइमन चाइल्ड ने व्यक्तिगत आधार पर विश्व कप में नहीं खेलने का फैसला किया है।"
न्यूजीलैंड के अलावा आस्ट्रेलियाई टीम ने भी सुरक्षा कारणों से विश्व कप में खेलने को लेकर आपत्ति जताई थी लेकिन रविवार को वह भी भारत दौरे के लिए तैयार हो गई। हॉकी आस्ट्रेलिया (एचए) ने रविवार को जारी अपने बयान में कहा कि टीम को भारत में किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।
एचए ने अपने बयान में कहा, "हमें सभी सूत्रों से खबर मिल रही है। हमें कहा गया है कि आयोजन करने वाले देश की सुरक्षा एजेंसियां विश्व कप में हिस्सा लेने वाली टीमों को सुरक्षा प्रदान करने में पूरी तरह सक्षम हैं। हमने खतरों की सभी संभावनाओं पर विचार किया है और यह पता लगा है कि हमारी टीम को भारत में किसी प्रकार का कोई सीधा खतरा नहीं है। आस्ट्रेलियाई हॉकी टीम 2010 हॉकी विश्व कप के लिए भारत दौरे पर जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*