समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' के मुताबिक पाकिस्तान साइकिल महासंघ (पीसीएफ) ने कहा है कि उसने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी टीमों द्वारा पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ियों की उपेक्षा किए जाने से नाराज होकर टूर डी पाकिस्तान के लिए भारतीय चालकों को आमंत्रित नहीं किया।
भारतीय साइकिल महासंघ के सहायक सचिव वी.एन. सिंह ने पाकिस्तान के इन दावों को खारिज कर दिया है। सिंह ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान मंगलवार को कहा कि पीसीएफ ने उसे इस प्रतियोगिता के लिए निमंत्रण भेजा था लेकिन दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर जारी रस्साकशी को देखते हुए उसने इस निमंत्रण पर प्रतिक्रिया नहीं जाहिर की।
उधर, 'डेली टाइम्स' लिखता है कि पीसीएफ ने पाकिस्तान सरकार के निर्देश पर एक मार्च से पेशावर में शुरू हो रही इस प्रतियोगिता के 15वें संस्करण के लिए भारतीय खिलाड़ियों को आमंत्रित नहीं किया। इस प्रतियोगिता में अफगानिस्तान, ईरान, साउदी अरब और श्रीलंका के साइकिल चालक हिस्सा ले रहे हैं।
पीसीएफ के एक अधिकारी ने स्वीकार किया है कि क्रिकेट खिलाड़ियों का तिरस्कार किए जाने से खफा होकर ही पीसीएफ ने भारतीय चालकों को नहीं बुलाया। पत्र ने अधिकारी के हवाले से लिखा है, "हमने भारतीय खिलाड़ियों को टूर डी पाकिस्तान के लिए आमंत्रित नहीं किया क्योंकि भारत में हमारे क्रिकेट खिलाड़ियों का तिरस्कार हुआ था। हमने विरोधस्वरूप यह कदम उठाया है।"
इसके जवाब में सिंह ने कहा कि महासंघ को लगा कि कूटनीति स्तर पर जारी खींचतान के बीच सुरक्षा की दृष्टि से असुरक्षित इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय चालकों को पाकिस्तान भेजना ठीक नहीं होगा, लिहाजा उसने अपने स्तर पर ही पाकिस्तान के निमंत्रण को ठुकरा दिया।
बकौल सिंह, "हमारे द्वारा निमंत्रण ठुकराए जाने से खफा होकर ही पाकिस्तान साइकिल महासंघ अनाप-शनाप बयान दे रहा है। मेरे पास आज भी पाकिस्तान द्वारा भेजे गए निमंत्रण की प्रति है। हम नहीं चाहते थे कि हमारे खिलाड़ी 1600 किलोमीटर लंबे मार्ग पर किसी मुसीबत में पड़ें। यही कारण है कि हमने पाकिस्तान को सकारात्मक जवाब नहीं दिया।"
1655 किलोमीटर लंबी टूर डी पाकिस्तान साइकिल प्रतियोगिता एक मार्च को पेशावर से शुरू होकर 13 मार्च को कराची में समाप्त होगी। इस दौरान प्रतियोगी उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत, पंजाब और सिंध से होकर गुजरेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।