मेहमान टीम ने ट्रेविस डॉवलिन (31), नरसिंह देवनारायण (नाबाद 36) और डरेन सैमी (नाबाद 26) की शानदार पारियों की मदद से निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति पर सात विकेट खोकर 138 रन बनाए थे जबकि मेजबान टीम ने 11.4 ओवरों में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
वॉटसन 33 गेंदों पर चार चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर नाबाद लौटे जबकि वार्नर ने 29 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 67 रन बनाए। मेजबान टीम ने वार्नर के अलावा ब्रैड हेडिन (6) का विकेट गंवाया।
अपनी इस तूफानी पारी के दौरान वार्नर ने ट्वेंटी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक लगाने का कारनामा किया। वार्नर ने मात्र 18 गेंदों पर 50 रन पूरे किए। वार्नर को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
ट्वेंटी-20 मैचों में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकार्ड भारत के युवराज सिंह के नाम है। युवराज ने 2007 विश्व कप के दौरान डरबन में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों पर 50 रन पूरे किए थे।
यह वही पारी थी, जिसमें युवराज ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के लगाने का अनोखा कीर्तिमान अपने नाम किया था। ऐसा करने वाले वह एकमात्र अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं।
तीसरा तीव्रतम अर्धशतक लगाने का रिकार्ड भी वार्नर के नाम दर्ज है। इससे पहले वार्नर ने 2009 में मेलबर्न में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 19 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया था। भारत के सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने भी 19 गेंदों पर अर्धशतक लगाया है।
इससे पहले, वेस्टइंडीज को मजबूत स्कोर देने के प्रयास में डॉवलिन ने अपनी 32 गेंदों की पारी में तीन चौके लगाए थे जबकि देवनारायण ने 29 गेंदों की तेज पारी के दौरान चार बार गेंद को सीमा रेखा के बाहर भेजा था। सैमी ने 11 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और दो छक्के जड़े।
आस्ट्रेलिया की ओर से अपना पहला मैच खेल रहे डविड क्रिस्टियन और रेयान हैरिस ने दो-दो सफलता हासिल की जबकि शॉन टेट और शेन वॉटसन को एक-एक विकेट मिला।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।