2009-2010 सत्र में रिकी पोंटिंग की टीम ने कुल 12 एकदिवसीय, पांच टेस्ट मैच और तीन ट्वेंटी-20 जीते हैं। इस दौरान उसने 17 एकदिवसीय मैच, छह टेस्ट मैच और तीन ट्वेंटी-20 मैच खेले हैं।
ट्वेंटी-20 मुकाबलों की बात की जाए तो आस्ट्रेलियाई टीम ने 2009-10 सत्र में पाकिस्तान के खिलाफ एक और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैच जीते हैं। टेस्ट मैचों में उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 से और पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में 3-0 से जीत मिली है।
2009-10 सत्र में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के बाद आस्ट्रेलिया टीम सिर्फ दो एकदिवसीय मैच हारी है। इस दौरान उसने भारत के खिलाफ सात मैचों की श्रृंखला में 4-2 से, पाकिस्तान के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला में 5-0 से और वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला में 4-0 से जीत हासिल की है।
पिछले वर्ष अक्टूबर-नवंबर में खेली गई सात मैचों की श्रृंखला में भारत के हाथों 0-2 से पिछड़ने के बाद आस्ट्रेलियाई टीम ने लगातार चार मैच जीते थे। मुंबई में खेला गया सातवां मुकाबला बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था।
इस तरह आस्ट्रेलियाई टीम ने इस सत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 20 मैचों में जीत हासिल की है लेकिन इसके बावजूद उसे टेस्ट टीमों के वरीयता क्रम में पहले स्थान से हटना पड़ा। टेस्ट टीमों की तालिका में आस्ट्रेलियाई टीम तीसरे स्थान पर है हालांकि उसने एकदिवसीय टीमों की तालिका में पहला स्थान बरकरार रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।