कार्तिक के रूप में भारत का दूसरा विकेट गिरा (लीड-5)
कार्तिक 85 गेंदों पर चार चौकोंे और तीन छक्कों की मदद से 79 रनों की आकर्षक पारी खेलने के बाद वायने पार्नेल की गेंद पर हर्शेल गिब्स के हाथों लपके गए। उस समय भारत का कुल योग 219 रन था। कार्तिक ने सचिन तेंदुलकर के साथ दूसरे विकेट के लिए 194 रन जोड़े।
एक छोर पर कार्तिक का साथ पाकर तेंदुलकर ने अपने करियर का 46वां शतक लगाया और भारतीय क्रिकेट टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। मात्र 37 गेंदों की मदद से अर्धशतक पूरा करने वाले तेंदुलकर ने 90 गेंदों पर 13 चौकों की मदद से शतक पूरा किया।
खबर लिखे जाने तक भारतीय टीम ने 34 ओवर की समाप्ति तक दो विकेट के नुकसान पर 219 रन बना लिए थे। तेंदुलकर 104 गेंदों पर 16 चौकों और एक छक्के की मदद से 124 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि यूसुफ पठान ने खाता नहीं खोला था।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 रन के कुल योग पर ही अपने सलामी बल्लेबाज वीरेंद सहवाग का विकेट गंवा दिया था। सहवाग को पार्नेल ने डेल स्टेन के हाथों कैच कराया। सहवाग ने 11 गेंदों का सामना करते हुए नौ रन बनाए।
इस मैच में जहीर खान, युवराज सिंह और गौतम गंभीर चोटिल होने के कारण टीम को अपनी सेवाएं नहीं दे पा रहे हैं जबकि ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने अपनी बहन के विवाह के कारण दो मैचों में नहीं खेलने का फैसला किया है। भज्जी पहले मुकाबले में भी नहीं खेले थे। वह अहमदाबाद में खेले जाने वाले तीसरे मुकाबले के लिए टीम में वापसी करेंगे। भारतीय टीम उन्हीं खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतर रही है, जो पहले मुकाबले में खेले थे।
दूसरी ओर, नियमित कप्तान ग्रीम स्मिथ की गैरमौजूदगी में हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस इस मैच के लिए मेहमान टीम की कमान संभाल रहे हैं। स्मिथ चोटिल हैं। तीन मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है। उसने रविवार को जयपुर में खेला गया पहला मुकाबला एक रन के अंतर से जीता था। तीसरा मैच 27 फरवरी को अहमदाबाद के करीब मोटेरा में स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications