नांदेड, 26 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने शुक्रवार को कहा है कि महाराष्ट्र सरकार केंद्र सरकार के समक्ष भारत रत्न के लिए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम की सिफारिश करेगी।
चव्हाण ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, "राज्य सरकार जल्द ही इस प्रस्ताव पर काम करेगी और अनुमोदन के लिए केंद्र सरकार के पास भेजेगी।"
उन्होंने कहा कि सचिन देश के सबसे महान खिलाड़ी है और उन्होंने अपने प्रदर्शन से देश व महाराष्ट्र का नाम रोशन किया है।
चव्हाण ने कहा, "अपने खेल से उन्होंने करोड़ों देशवासियों का न सिर्फ दिल जीता है बल्कि विश्व भर में अपने प्रशंसक बनाए हैं। पूरा विश्व उन्हें सम्मान की नजरों से देखता है। वह सही मायने में भारत रत्न के हकदार हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*