भारत में 28 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों, अचूक निशानेबाजों और अत्याधुनिक साजो-सामान से लैस कमांडो के जवानों की तैनाती की गई है। यहां तक कि वायु सेना के हेलीकॉप्टरों से भी स्टेडियम की हवाई निगरानी की जा रही है।
13 मार्च तक चलने वाले विश्व कप के सभी मैच इसी स्टेडियम में खेले जाने हैं। टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के अलावा 10 टीमें शिरकत कर रही हैं। भारत में 1982 के बाद पहली बार विश्व कप का आयोजन हो रहा है।
भारत और पाकिस्तान के बीच भी आज मुकाबला होना है, इसलिए इसका लुत्फ उठाने के लिए अच्छी तादाद में दर्शक स्टेडियम पहुंचे हैं। रात साढ़े आठ बजे से यह मैच खेला जाएगा लेकिन उससे पहले पूल-बी में ही दक्षिण अफ्रीका और स्पेन तथा आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। इसके बाद भारत-पाक मैच खेला जाएगा। पहला मैच दोपहर साढ़े चार बजे से और दूसरा मैच साढ़े छह बजे से होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*