इस विश्व कप की शुरुआत से पहले तक 11 संस्करणों में कुल 1915 गोल हुए थे। गुरुवार को पूल-बी के मुकाबलों की समाप्ति तक 12वें संस्करण में कुल 87 गोल ठोके जा चुके थे। ये 87 गोल 54 खिलाड़ियों की स्टिक से निकले हैं।
मौजूदा विश्व कप में आस्ट्रेलिया के खिलाड़ी ल्यूक डोरनर ने सर्वाधिक छह गोल किए हैं जबकि उनके हमवतन जैमी डायर, ग्लेन टर्नर और हालैंड के ताएकी ताएकेमा 4-4 गोलों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
इस विश्व कप में अब तक कुल 15 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इन्हें मिलाकर विश्व कप के सभी 12 संस्करणों में अब तक कुल 508 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस विश्व कप में कुल 38 मुकाबले खेले जाने हैं।
विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने का रिकार्ड पाकिस्तान के नाम दर्ज है। पाकिस्तानी टीम ने 82 मैचों में कुल 227 गोल किए हैं। 1982 विश्व कप में पाकिस्तानी टीम ने सर्वाधिक 38 गोल किए थे। यह एक रिकार्ड है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।