हॉकी विश्व कप : न्यूजीलैंड की दूसरी जीत (लीड-1)
एंडी हेवार्ड ने न्यूजीलैंड के लिए चौथे मिनट में पहला गोल किया जबकि 22वें मिनट में कप्तान डीन कुजिंस ने पेनाल्टी स्ट्रोक के माध्यम से दूसरा गोल किया। हेवार्ड ने टीम को मिले पहले ही पेनाल्टी कार्नर पर गोल करने में सफलता हासिल की। इस विश्व कप में यह उनका पहला गोल है।
इसके बाद दोनों टीमें गोल करने का लगातार प्रयास करती रहीं। दक्षिण कोरियाई टीम ने इस बीच कई मौकों पर कीवी गोलपोस्ट पर हमला किया लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।
इस दौरान दक्षिण कोरियाई टीम ने अपने हिस्से आए सात पेनाल्टी कार्नरों को भी बेकार किया। न्यूजीलैंड की रक्षापंक्ति की मुस्तैदी के कारण कोरियाई टीम खेल के अंतिम मिनट तक कोई सफलता हासिल नहीं कर सकी।
70वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को गलत तरीके से रोकने के कारण कीवी टीम के खिलाफ पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे ली नैम यंग ने गोल में तब्दील कर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई।
कीवी टीम ने इस विश्व कप में अपनी दूसरी जीत हासिल की है। उसने अपने पहले मुकाबले में कनाडा को 3-2 से हराया था जबकि दूसरे मुकाबले में हॉलैंड के हाथों उसे 1-3 से हार मिली थी।
दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया की यह पहली हार है। उसने अपने पहले मुकाबले में शक्तिशाली जर्मनी को 2-2 की बराबरी पर रोका था। दूसरे मैच में उसने अर्जेटीना पर 2-1 से जीत हासिल की थी।
विश्व कप में दोनों टीमों के बीच यह दूसरी भिड़ंत थी। पिछली बार 1998 में दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं, जिसमें न्यूजीलैंड की 3-1 से जीत हुई थी।
विश्व कप के अलावा दोनों टीमों की आखिरी भिड़ंत बीजिंग ओलंपिक के दौरान हुई थी। कीवी टीम ने उस मुकाबले को भी 3-1 के अंतर से जीता था।
इस जीत ने कीवी टीम को पूल-ए में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। उसने तीन मैचों से छह अंक जुटाए हैं। उसके हिस्से छह गोल आए हैं जबकि विरोधी टीमों ने उसके खिलाफ इतने ही गोल किए हैं।
कोरियाई टीम के पास इस मैच को जीतकर तालिका में पहले स्थान पर पहुंचने का मौका था लेकिन उसने यह मौका गंवा दिया। उसने तीन मैचों से चार अंक जुटाए हैं। वह तालिका में चौथे स्थान पर है। जर्मनी के भी चार अंक हैं लेकिन एक मैच कम खेलने के कारण वह तीसरे स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications