हॉकी विश्व कप : आस्ट्रेलिया की हार और अपनी जीत पर टिकी हैं स्पेन की उम्मीदें
नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। हीरो होंडा एफआईएच विश्व कप के पूल-बी से यूरोपीयन चैम्पियन इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। इस पूल में दूसरा स्थान हासिल करने वाली टीम के नाम का फैसला सोमवार को होगा। इस दौड़ में स्पेन और आस्ट्रेलिया की टीमें शामिल हैं।
मौजूदा तालिका में इंग्लैंड की टीम ने चार मैचों से 12 अंक जुटाए हैं जबकि आस्ट्रेलिया ने इतने ही मैचों से नौ अंक हासिल किए हैं। स्पेन के छह अंक हैं। सोमवार को इस पूल के अंतिम दौर के मैच खेले जाने हैं। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए स्पेन को आस्ट्रेलिया तथा पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले नतीजे का बेसब्री से इंतजार होगा।
उससे पहले स्पेन को अपने पूल के अग्रणी इंग्लैंड के साथ खेलना है। अंतिम चार में स्थान बनाने के लिए उसे यह मैच हर हाल में जीतना होगा और वह भी कम से कम एक दर्जन गोल के अंतर से। इस दौरान स्पेन को एक भी गोल खाने से बचना होगा। उसकी जीत ठीक उसी तरह की होनी चाहिए, जैसे तीन दिन पहले आस्ट्रेलिया की दक्षिण अफ्रीका पर रही थी।
स्पेन और आस्ट्रेलिया के बीच तीन अंकों का फासला है लेकिन गोल अंतर के लिहाज से स्पेन की टीम आस्ट्रेलिया से काफी पीछे है। स्पेन ने विरोधी टीमों के खिलाफ 10 गोल किए हैं जबकि आस्ट्रेलिया 21 गोल लगा चुका है। ऐसे में स्पेन की टीम यही उम्मीद करेगी कि पाकिस्तान आस्ट्रेलिया पर जीत तो हासिल करे ही करे लेकिन वह अपने खिलाफ एक भी गोल नहीं होने दे।
ऐसी स्थिति में स्पेन अंकों के मामले में आस्ट्रेलिया के बराबरी पर आ जाएगा और फिर गणना होगी दूसरी टीमों के खिलाफ कुल गोल करने और कुल गोल खाने की। इंग्लैंड पर एक दर्जन गोल के अंतर से जीत हासिल कर पाना स्पेन के बस की बात नहीं लेकिन अगर वह ऐसा करने में सफल रहा तो कुल गोल करने की दौड़ में आस्ट्रेलिया से एक गोल के अंतर से आगे निकल जाएगा। इस स्थिति में वह सेमीफाइनल में पहुंच सकता है।
आंकड़े तो यही कहते हैं लेकिन अब तक खेले गए मैचों के नतीजों पर ध्यान दें तो न तो पाकिस्तान के लिए आस्ट्रेलिया को हरा पाना संभल दिख रहा है और न ही स्पेन इंग्लैंड पर 12-0 की जीत हासिल कर सकेगा। स्पेन इंग्लैंड के खिलाफ जीत सकता है लेकिन 12-0 से कम अंतर की जीत उसके किसी काम की नहीं होगी। इसके बाद भी उसे पाकिस्तान-आस्ट्रेलिया मैच का मुंह ताकना होगा, जिसमें पाकिस्तान का समर्थन करना उसकी मजबूरी होगी।
सोमवार को पूल-बी में एक और मैच खेला जाएगा। यह मैच मेजबान भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होगा। इस मैच के जरिए भारतीय टीम अपने बची-खुची प्रतिष्ठा बचाने का प्रयास करेगी लेकिन वह जीत हासिल कर ही लेगी, इसकी कोई गारंटी नहीं क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को पाकिस्तान को करारी शिकस्त देकर उसकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है।
शनिवार को इंग्लैंड के हाथों मिली हार के साथ भारतीय टीम विश्व कप से बाहर हो चुकी है। अब उसकी लड़ाई पांचवें स्थान के लिए शुरू होगी। भारत ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4-1 से हराने के बाद लगातार तीन मैच गंवाए हैं। उसे आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और स्पेन ने हराया। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को पाकिस्तान को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications