आस्ट्रेलिया की यह लगातार चौथी जीत है। इसके साथ आस्ट्रेलियाई टीम 12 अंकों के साथ पूल-बी में शीर्ष पर पहुंच गई है। गोल अंतर के लिहाज से वह इंग्लैंड से बेहतर स्थिति में है।
अपने चारों शुरुआती मैच जीतने के बाद सोमवार को स्पेन के हाथों हार का सामना करने वाले इंग्लैंड की टीम के भी 12 अंक हैं। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया को हारकर बड़ा उलटफेर किया था। उसके बाद इंग्लैंड ने भारत, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान को भी हराया था।
पूल-बी से इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। इंग्लैंड शनिवार को भारत को हराने के साथ अंतिम चार में पहुंच गया था। आज आस्ट्रेलिया के भाग्य का भी फैसला हो गया।
गोलों की बात करें तो आस्ट्रेलिया के लिए डेसमंड अबॉट ने 38 वें और 68 वें मिनट में गोल किए जबकि पाकिस्तान के लिए सोहेल अब्बास ने 24 वें मिनट में गोल दागा। शुरुआती 24 मिनट तक दोनों टीमों के बीच गोल करने के लिए जबरदस्त संघर्ष चलता रहा।
अब्बास ने अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई। मध्यांतर तक पाकिस्तानी टीम 1-0 से आगे थी। मैच का पहला गोल पेनाल्टी कार्नर के जरिए हुआ जबकि अबॉट के दोनों फील्ड गोल थे। अबॉट ने विश्व कप में पांचवां गोल किया।
इस विश्व कप में पाकिस्तान की यह चौथी हार है। उसने स्पेन के खिलाफ जीत हासिल की थी जबकि भारत, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के खिालफ उसे हार का सामना करना पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।