क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो डॉट कॉम के मुताबिक पीसीबी ने एकदिवसीय और टेस्ट टीम के कप्तान मोहम्मद यूसुफ और पूर्व कप्तान यूनुस खान पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला में लचर प्रदर्शन करने के कारण आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है।
पीसीबी ने हार के कारणों पर विचार करने के लिए एक समिति गठित की थी। इस समिति ने पाया कि अनुशासनहीनता और संगठन की कमी के कारण टीम की हार हुई है।
इसके लिए समिति ने यूसुफ और यूनुस के अलावा ट्वेंटी-20 टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी, विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल, उनके छोटे भाई उमर अकमल, पूर्व कप्तान शोएब मलिक तथा तेज गेंदबाज राणा नवेद उल हसन को मुख्य रूप से दोषी पाया है।
यूसुफ और यूनुस पर जहां अपने कर्तव्य के प्रति वफादारी नहीं दिखाने के कारण अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेलने पर आजीवन प्रतिबंध लगाया गया है वहीं राणा और मलिक पर एक वर्ष का प्रतिबंध लगाया गया है। यूसुफ और यूनुस काउंटी तथा घरेलू मैच में खेल सकते हैं।
अकमल भाइयों और अफरीदी पर छह महीने तक क्रिकेट खेलने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही इन तीनों खिलाड़ियों पर 20 से 30 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया है।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया में खेली गई पांच मैचों की टेस्ट तथा इतने ही मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में पाकिस्तान टीम को 0-5 से हार मिली थी। उससे पहले यह टीम न्यूजीलैंड के हाथों भी टेस्ट श्रृंखला हार गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।