हॉकी विश्व कप : हॉलैंड और आस्ट्रेलिया में होगी जोरदार भिड़ंत
विश्व कप में आस्ट्रेलिया और हॉलैंड के बीच अब तक कुल नौ मैच खेले गए हैं, जिनमें से चार-चार बार दोनों टीमें विजेता रही हैं। एक मुकाबला बराबरी पर छूटा है। 2002 में दोनों टीमों के बीच अंतिम भिड़ंत हुई थी। इस सेमीफाइनल मुकाबले में आस्ट्रेलिया ने हालैंड को 4-1 से हराया था।
इससे पहले, हालैंड ने 1998 के सेमीफाइनल में 6-2, 1994 के सेमीफाइनल मुकाबले में 3-1 से और 1978 में खेले गए अंतिम चार मुकाबले में 3-2 से जीत दर्ज की थी। 2002 विश्व कप के बाद खेले गए मैचों की बात करें तो आस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा है। उसने ओलंपिक और चैम्पियंस ट्रॉफी मुकाबलों को मिलाकर हालैंड पर लगातार नौ जीत दर्ज की है।
आस्ट्रेलियाई टीम नौवीं बार विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। जर्मनी (11 बार) ही उससे अधिक मौकों पर सेमीफाइनल में पहुंचा है। 2002 और 2006 के विश्व कप में आस्ट्रेलियाई टीम फाइनल में पहुंची थी लेकिन उसे जर्मनी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी ओर, हॉलैंड की टीम आठवीं बार विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंची है। मजेदार बात यह रही है कि इससे पहले कुल सात सेमीफाइनल में पहुंचने वाली इस टीम का चार मौकों पर आस्ट्रेलिया के साथ ही सामना हुआ। तीन मौकों पर हालैंड की टीम विजेता रही जबकि एक मौके पर उसे हार का सामना करना पड़ा।
हॉलैंड की टीम चौथी बार विश्व कप जीतने के अभियान पर है। वह चौथी बार खिताबी जीत हासिल करके पाकिस्तान की बराबरी करना चाहेगी। लगातार चार बार पहली तीन टीमों में स्थान बनाने के बाद हालैंड की टीम 2006 में निराशाजनक तौर पर सातवें स्थान पर रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications