आईपीएल प्रबंधन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रोमांच से भरे मुकाबलों के दौरान ओवर गति पर नियंत्रण नहीं रखने के कारण तीनों टीमों के कप्तानों पर 20-20 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है।
शनिवार को मुंबई इंडियंस टीम का सामना मुंबई स्थित ब्रेबार्न स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स से हुआ था जबकि किंग्स इलेवन और डेयर डेविल्स की टीमें मोहाली में आमने-सामने थीं। पहले मैच में मुंबई इंडियंस और दूसरे मैच में डेयर डेविल्स की जीत हुई थी।
आईपीएल की ओर से रविवार को जारी एक बयान के मुताबिक, "तीनों कप्तानों को आईपीएल की आचार संहिता के अंतर्गत जुर्माना भरना पड़ेगा। इसके अंतर्गत धीमी ओवर गति के लिए कप्तान पर कम से कम 20 हजार डॉलर का जुर्माना लगाए जाने का प्रावधान है।"
इससे पहले, शुक्रवार को नवी मुंबई में खेले गए आईपीएल के तीसरे संस्करण के पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइर्ड्स टीम के कप्तान सौरव गांगुली को भी इतना ही जुर्माना भरना पड़ा था। नाइट राइर्ड्स ने अंतिम ओवर तक खिंचे मुकाबले में मौजूदा चैम्पियन डेक्कन चार्जर्स को हराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।