आईपीएल : नाइट राइर्ड्स की लगातार दूसरी जीत (लीड-7)
शुक्रवार को मुंबई में खेले गए उद्घाटन मैच में मौजूदा चैम्पियन डेक्कन चार्जर्स को हराकर अपना विजय अभियान शुरू करने वाली नाइट राइर्ड्स टीम ने जीत के लिए जरूरी 136 रन 19.2 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
नाइट राइर्ड्स की ओर से मनोज तिवारी और ब्रैड हॉज ने शानदार 50-50 रनों की पारी खेली। तिवारी ने अपनी 29 गेंदों की पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए जबकि हॉज ने 45 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके जड़े।
कप्तान सौरव गांगुली ने 22 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की सहायता से 23 रन बनाए। ओवेश शाह दो और चेतेश्वर पुजारा पांच रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले, टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति के बाद सात विकेट पर 135 रन बनाए। रॉयल चैलेंजर्स के लिए हरफनमौला खिलाड़ी जैक्स कैलिस ने सर्वाधिक 65 रन बनाए। वह प्रवीण कुमार (3) के साथ नाबाद लौटे। इसके अलावा राहुल द्रविड़ ने 21 और रोबिन उथप्पा ने 20 रनों का योगदान दिया।
रॉयल चैलेंजर्स टीम ने उथप्पा के रूप में अपना छठा और रे वान डेर मर्व के रूप में सातवां विकेट गंवाया। उथप्पा का विकेट 110 रन के कुल योग पर गिरा। उन्होंने 17 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका लगाया। उथप्पा और कैलिस ने 37 रन जोड़े। मर्व एक रन ही बना सके। उनका विकेट 112 रन पर गिरा।
इससे पहले द्रविड़ पेवेलियन लौटे थे। द्रविड़ 16 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 21 रन बनाकर एंजेलो मैथ्यूज की गेंद पर बोल्ड हुए। रॉयल चैलेंजर्स को पहला झटका सलामी बल्लेबाज श्रीवत्स गोस्वामी के रूप में लगा। गोस्वामी आठ रन बनाने के बाद चार्ल्स लैंगवेल्ड्ट की गेंद पर ईशांत शर्मा के हाथों कैच आउट हुए। उस समय रॉयल चैलेंजर्स का कुल योग 15 रन था।
इसके बाद 17 रन के कुल योग पर मनीष पांडेय भी चलते बने। उन्हें एंजेलो मैथ्यूज ने बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। रॉयल चैलेंजर्स की टीम पांडेय के आउट होने से लगे झटके से अभी उबर भी नहीं पाई थी कि विराट कोहली के रूप में उसे एक और बड़ा झटका लगा।
कोहली दो रन बनाकर मुरली कार्तिक की गेंद पर मैथ्यूज के हाथों लपके गए। उस समय टीम का कुल योग 20 रन था। इसके बाद इयोन मोर्गन और जैक्स कैलिस ने कुल योग को 35 रनों तक पहुंचाया लेकिन इस योग पर मोर्गन कार्तिक की एक गेंद को रिवर्स स्वीप करने के चक्कर में बोल्ड हो गए। उन्होंने 10 रन बनाए।
नाइट राइर्ड्स की ओर से एंजेलो मैथ्यूज ने 19 रन देकर चार विकेट झटके जबकि मुरली कार्तिक के खाते में दो विकेट आए। कार्तिक ने 22 रन दिए। चार्ल्स लैगवेल्ड्ट को भी एक सफलता मिली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
