रॉयल चैलेंजर्स ने 13 ओवर की समाप्ति तक एक विकेट खोकर 138 रन बना लिए हैं। जैक्स कैलिस 36 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि रोबिन उथप्पा ने 18 गेंदों पर चार चौकों और इतने ही छक्कों की सहायता से 48 रन बनाए हैं।
सलामी बल्लेबाज मनीष पांडेय 26 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की सहायता से 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कैलिस के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन की टीम ने मानविंदर बिसला (75) और रवि बोपारा (77) की बेहतरीन पारियों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए।
बिसला ने 51 गेंदों पर सात चौके और चार छक्के लगाए जबकि बोपारा ने 50 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के जड़े। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े।
किंग्स इलेवन के स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह (9) ने निराश किया लेकिन माहेला जयवर्धने 26 रन पर नाबाद लौटे। इरफान पठान तीन रन बनाकर नाबाद रहे। जयवर्धने ने 13 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में दोनों टीमों का यह दूसरा मुकाबला है। दोनों टीमें अपना-अपना पहला मुकाबला हार चुकी हैं।
मोहाली में खेले गए अपने पहले मैच में किंग्स इलेवन को दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ पांच विकेट से हार मिली थी।
दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स को कोलकाता नाइट राइर्ड्स टीम ने कोलकाता में खेले गए मैच में सात विकेट से हराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।