वेबसाइट 'स्पोर्टिग वर्ल्ड डॉट कॉम' के मुताबिक वोजनिएस्की ने बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीन की खिलाड़ी झेंग जेई को कड़े संघर्ष के बाद 6-4, 4-6, 6-1 से हराया।
इससे पहले झेंग ने वोजनिएस्की को दो मौकों पर हराया था लेकिन इस बार उन्होंने झेंग को खुद पर हावी होने का कोई मौका नहीं दिया। दो घंटे 18 मिनट तक चले मुकाबले में वोजनिएस्की ने तीन बार झेंग की सर्विस ब्रेक की।
अगले दौर में उनका सामना रेडवांस्का से होगा। रेडवांस्का ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रूसी खिलाड़ी एलिना दिमेंतिएवा को 6-4, 6-3 से पराजित किया। इंडियन वेल्स ओपन में इस वर्ष रेडवांस्का ने एक भी सेट नहीं गंवाया है।
शानदार लय में दिख रहीं रेडवांस्का ने एक घंटे 31 मिनट तक चले मुकाबले के दौरान कुल चार बार दिमेंतिएवा की सर्विस तोड़ी। रेडवांस्का दोनों सेटों में दो-दो बार दिमेंतिएवा की सर्विस तोड़ने में सफल रहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।