समाचार पत्र 'द डेली टाइम्स' के मुताबिक पीसीबी ने खिलाड़ियों को आधिकारिक तौर पर इस बात की जानकारी दे दी है कि उन्हें किन कारणों से सजा मिली है।
पत्र ने पीसीबी के प्रवक्ता के हवाले से लिखा है, "सजा पाने वाले खिलाड़ियों के पास अपील के लिए 30 दिन का समय है। हमने उन्हें सजा के पीछे के कारण बता दिए हैं। हम उनकी अपील पर पूरी संजीदगी से विचार करेंगे।"
पीसीबी ने खिलाड़ियों की अपील पर सुनवाई के लिए सर्वोच्च न्यायालय के दो और उच्च न्यायालय के एक अवकाशप्राप्त न्यायाधीश को लेकर एक समिति बनाई है। इस समिति में उच्च न्यायालय के तीन अन्य न्यायाधीशों को भी शामिल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पीसीबी ने इस महीने की शुरुआत में कप्तान मोहम्मद यूसुफ और पूर्व कप्तान यूनिस खान सहित कुल सात खिलाड़ियों पर भारी जुर्माना और प्रतिबंध लगाया था।
यूसुफ और यूनिस पर आजीवन प्रतिबंध लगा है जबकि कामरान अकमल, उनके छोटे भाई उमर अकमल, राणा नवेद उल हसन, शोएब मलिक और शाहिद अफरीदी पर 20 से 30 लाख रुपये तक का जुर्माना और एक से छह महीने तक का प्रतिबंध लगाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।