आईपीएल : हेडन ने सुपर किंग्स को किया मजबूत (लीड-5)
चेन्नई की टीम ने सलामी बल्लेबाज पार्थिव पटेल (6)और एस. बद्रीनाथ (14) के विकेट गंवाकर 11 ओवर में 119 रन बना लिए हैं। हेडन 33 गेदों पर आठ चौकों और छह छक्कों की सहायता से 80 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि कार्यकारी कप्तान सुरेश रैना 16 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेयर डेविल्स टीम के लिए अनुभवी सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने तूफानी अर्धशतक लगाया।
सहवाग की इस नायाब पारी की बदौलत डेयर डेविल्स टीम निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 185 रन बनाने में सफल रही।
सहवाग ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 74 रनों में 10 चौके और तीन छक्के लगाए लेकिन उनके अलावा शीर्ष क्रम का कोई और बल्लेबाज टीम के लिए विशेष योगदान नहीं दे सका। तिलकरत्ने दिलशान (15), डेविड वार्नर (6), कार्यकारी कप्तान दिनेश कार्तिक (19) और डिविलियर्स (2) ने निराश किया।
मिथुन मन्हास ने बेशक 22 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 32 रनों की नाबाद पारी खेली। रजत भाटिया ने भी नौ गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की सहायता से 21 रन जोड़े। अमित मिश्रा 6 रन पर नाबाद लौटे।
चेन्नई की ओर से स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन और तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने दो-दो विकेट लिए जबकि आर. अश्विन और जोगिंदर शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में डेयर डेविल्स की टीम का यह चौथा और सुपर किंग्स का तीसरा मैच है। दिल्ली की टीम को दो मुकाबलों में जीत मिली है जबकि एक में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
दूसरी ओर सुपर किंग्स को एक मैच में हार और एक में जीत मिली है। दोनों टीमों के नियमित कप्तान इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।
डेयर डेविल्स के कप्तान गंभीर और सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी चोटिल होने के कारण मैदान से बाहर हैं। दिल्ली की कप्तानी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के हाथों में है जबकि चेन्नई टीम की कमान सुरेश रैना संभाल रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications