टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेक्कन चार्जर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 164 रन ही बना सकी।
किंग्स इलेवन पंजाब एक समय काफी मुश्किल में थी। 11 ओवर में उसके पांच विकेट गिर चुके थे और उसने 65 रन बनाए थे। लेकिन इरफान पठान ने 29 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 60 रन बनाकर अपनी टीम को मैच में वापस ला दिया था। लेकिन आखिरी ओवर की पहली गेंद पर पठान आउट हो गए और रही सही उम्मीदें भी खत्म हो गईं।
किंग्स इलेवन को तीसरे ओवर में दो झटके लगे जब सलामी बल्लेबाज मानविंदर बिसला और कुमार संगकारा बिना खाता खोले पेवेलियन लौट गए।
युवराज सिंह पांचवें ओवर में छह गेंदों में चार रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आठवें ओवर में जयवर्धने भी नौ गेंदों में 14 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। एड्रियन बाराथ ने सात रन बनाए। रवि बोपारा संभलकर खेलते हुए 32 गेंदों में चार चौके की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। पीयूष चावला ने नौ गेंदों में 13 रन बनाए।
डेक्कन चार्जर्स की ओर से चामिंडा वास ने दो जबकि एंड्रयू सायमंड्स, रोहित शर्मा, आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा ने एक-एक विकेट हासिल हासिल किए।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेक्कन चार्जर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए। डेक्कन के बल्लेबाज एंड्रयू सायमंड्स ने 53, एडम गिलक्रिस्ट ने 33 और टी. सुमन ने 26 रनों का योगदान दिया।
डेक्कन का पहला विकेट तीसरे ओवर में एडम गिलक्रिस्ट के रूप में गिरा। उन्होंने 12 गेंदों में चार चौके और दो छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 33 रन बनाए। वीवीएस लक्ष्मण चौथे ओवर में रिटायर्ड हर्ट होकर पेवेलियन लौट गए। उन्होंने 10 रन बनाए।
11वें ओवर में डेक्कन के दो विकेट गिरे। हर्शल गिब्स 23 गेंदों में दो चौके की मदद से 23 रन बनाकर आउट हुए। वहीं रोहित शर्मा ने अभी एक रन बनाकर खाता ही खोला था कि वह रन आउट हो गए।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अनिरुद्ध सिंह बिना खाता खोले ही 12वें ओवर में आउट हो गए।
एंड्रयू सायमंड्स ने 38 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 53 रन बनाए। वह 17वें ओवर में आउट हुए। इसके बाद चामिंडा वास 16 और टी. सुमन 26 रन बनाकर आउट हुए।
किंग्स के गेंदबाज युवराज सिंह को दो विकेट मिले जबकि पठान, श्रीवास्तव और बिपुल शर्मा को एक-एक विकेट मिले।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में दोनों टीमों का यह तीसरा मैच था। किंग्स इलेवन को अब तक तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। कुमार संगकारा की कप्तानी में खेल रही किंग्स इलेवन टीम को इससे पहले बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स और दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
उधर मौजूदा चैम्पियन डेक्कन चार्जर्स की टीम तीन मैचों में दो जीत दर्ज करने में सफल रही है। एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी वाली डेक्कन चार्जर्स टीम को कोलकाता नाइट राइर्ड्स के खिलाफ हार मिली थी जबकि उसने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर इस सत्र में अपना खाता खोला था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।