खेलों में उम्र धोखाधड़ी के खिलाफ राष्ट्रीय कोड का उद्देश्य खेलों को स्वच्छ बनाना है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नया कोड अप्रैल से लागू होगा और सभी खिलाड़ियों एवं खेल संस्थाओं पर बाध्यकारी होगा।
नए कोड के अनुसार आयु प्रतिबंध वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अनिवार्य चिकित्सकीय परीक्षणों से गुजरना होगा और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और राष्ट्रीय खेल संघों (एनएसएफ) से उनको एक पहचान पत्र जारी किया जाएगा।
बयान में कहा गया कि एक बार पहचान पत्र जारी होने के बाद खिलाड़ी को नए चिकित्सकीय परीक्षणों से नहीं गुजरना होगा। अधिक उम्र का बताए जाने वाले खिलाड़ी को इस फैसले के खिलाफ अपील का विकल्प होगा। एक अपील पैनल इस पर अपना फैसला देगा।
साई राज्य और क्षेत्रवार चिकित्सकों और अस्पतालों के पैनलों और अपीलीय पैनलों के नाम तय करेगा।
चिकित्सा जांच पर होने वाला खर्च साई और राष्ट्रीय संघ वहन करेंगे और सरकार उनका भुगतान करेगी।
इन नियमों का पालन नहीं करने वाले संघों को निलंबित होने या मान्यता खत्म होने का खतरा उठाना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।