आईपीएल टीम के लिए बोली लगाने वाली रांदेवू स्पोर्ट्स में पांच लोग शामिल हैं। बोली के लिए इन्हें एक मंच पर लाने का काम केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने किया है।
आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी ने भी माना है कि थरूर के प्रयासों की बदौलत ही केरल को अपनी एक फ्रेंचाइजी टीम मिली।
रांदेवू ने कोच्चि फ्रेंचाइजी टीम को हासिल करने के लिए 33.33 करोड़ डॉलर की बोली लगाई जबकि सहारा ग्रुप ने 37 करोड़ डॉलर में पुणे फ्रेंचाइजी टीम का मालिकाना हक हासिल किया।
नीलामी में वीडियोकॉन और अदानी समूह जैसे बड़े उद्योग घरानों ने भी हिस्सा लिया।
रांदेवू स्पोर्ट्स वर्ल्ड की निदेशक पूजा गुलाटी कहती हैं, "यह बिल्कुल मायने नहीं रखता कि क्रिकेट केरल में लोकप्रिय नहीं है। क्रिकेट तो पूरे देश में लोकप्रिय हो चुका है।"
मोदी ने कहा कि जब तक कोच्चि में बन रहा नया स्टेडियम तैयार नहीं हो जाता, आईपीएल अगले सत्र के मैचों के लिए रांदेवू टीम को एक स्टेडियम मुहैया कराएगा।
मोदी ने कहा, "केरल क्रिकेट संघ एक विश्वस्तरीय स्टेडियम तैयार कर रहा है। उस स्टेडियम के तैयार होने तक हम रांदेवू टीम को एक स्टेडियम मुहैया कराएंगे।"
विदेशों में आईपीएल के आयोजन के बारे में पूछे जाने पर मोदी ने कहा कि फिलहाल विदेशों में प्रदर्शन मैचों के आयोजन को लेकर विचार किया जा रहा है। आईपीएल अब भारत से बाहर नहीं जाएगा।
अगले सत्र के लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शामिल किए जाने के बार में मोदी ने कहा, "हम आशा करते हैं कि पाकिस्तानी खिलाड़ी अगले सत्र में खेल सकेंगे। अगले सत्र के लिए खिलाड़ियो की नीलामी इस वर्ष सितंबर-अक्टूबर में होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।