172 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के सभी बल्लेबाज 161 रन पर पेवेलियन लौट गए। आईपीएल के तीसरे संस्करण में डेयर डेविल्स ने पांच मैचों में लगातार तीसरी हार का स्वाद चखा। दूसरी ओर उद्घाटन मुकाबले में कोलकाता नाइट राइर्ड्स के हाथों 11 रन से हारने के बाद से डेक्कन ने अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डेक्कन की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति तक छह विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। डेक्कन की ओर से रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 45 रनों का योगदान दिया जबकि सायमंड्स ने 35, हर्शेल गिब्स ने 31 और कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने 24 रन जोड़े।
रोहित ने 30 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्के लगाए। सायमंड्स ने 24 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से तेज पारी खेली। गिब्स ने भी 26 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए जबकि कप्तान ने 14 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का जड़ा।
तिरुमालासेत्ती सुमन 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद लौटे। पारी की शुरुआत करने आए मोहनीश मिश्रा (1) और वेणुगोपाल राव (1) ने निराश किया। चमिंडा वास ने भी नाबाद तीन रन बनाए। दिल्ली की ओर से मोएसिस हेनरिक्स, सरबजीत लाडा, अमित मिश्रा, डिर्क नैन्स और योगेश नागर नागर ने एक-एक विकेट लिए।
जवाब में खेलने उतरी दिल्ली की टीम सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (57 रन, 33 गेंद, 4 चौके, 4 छक्के), कार्यकारी कप्तान दिनेश कार्तिक (46 रन, 27 गेंद, 4 चौके, 2 छक्के) तथा अब्राहम डिविलियर्स (27 रन, 26 गेंद, 2 चौके) की उम्दा बल्लेबाजी के बावजूद निर्धारित 20 ओवरों में 161 रन ही बना सकी।
156 रन के कुल योग पर कार्तिक के सायमंड्स के हाथों कैच आउट होकर पेवेलियन लौटने के बाद दिल्ली के तीन बल्लेबाज महज दो रन के अंतराल पर पेवेलियन लौट गए। वीरेंद्र सहवाग (3) के अलावा मिथुन मन्हास (8), हेनरिक्स (11), नागर (1), अमित (0) और लाडा (0) ने निराश किया।
उमेश यादव तीन और नैन्स एक रन बनाकर नाबाद लौटे। डेक्कन की ओर से रोहित शर्मा ने दो विकेट हासिल किए जबकि चमिंडा वास तथा प्रज्ञान ओझा को एक-एक सफलता मिली थी। ओझा ने सहवाग को पेवेलियन की राह दिखाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।