इस तरह आईपीएल में हिस्सा लेने वाली फ्रेंचाइजी टीमों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। रविवार को चेन्नई के आईटीसी पार्क शेरेटन होटल में हुई नीलामी में पुणे टीम को सहारा समूह ने खरीदा जबकि कोच्चि की टीम रांदेवू स्पोर्ट्स ग्रुप के हिस्से में गई।
सहारा एडवेंचर स्पोर्ट्स ग्रुप ने पुणे फ्रेंचाइजी टीम के लिए 37 करोड़ डॉलर की बोली लगाई जबकि रांदेवू स्पोर्ट्स वर्ल्ड ग्रुप ने कोच्चि टीम के लिए 33.34 करोड़ डॉलर खर्च किए।
इन दो नई फ्रेंचाइजी टीमों के लिए कुल पांच दावेदार मैदान में थे। नई टीमों की घोषणा सात मार्च को ही होनी थी लेकिन बीसीसीआई ने नई फ्रेंचाइजी टीमों की निविदा से जुड़े नियमों में परिवर्तन करते हुए नीलामी की प्रक्रिया को 21 मार्च तक के लिए टाल दिया था।
आईपीएल-3 में कुल 60 मैच खेले जाने हैं जबकि दो नई टीमों के जुड़ने से इसके चौथे संस्करण में कुल मैचों की संख्या बढ़कर 94 हो जाएगी। आईपीएल-4 के लिए सभी टीमों के खिलाड़ियों के लिए नए सिरे से बोली लगानी है क्योंकि इस वर्ष सभी खिलाड़ियों का करार खत्म हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।