समाचार पत्र 'न्यूयार्क डेली न्यूज' के मुताबिक खेल प्रसारण चैनल ईएसपीएन और गोल्फ चैनल को एक साथ दिए इंटरव्यू में वुड्स ने स्वीकार किया है कि अवैध संबंधों के कारण पत्नी एलिन नार्डेग्रेन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उनका व्यवहार बेहद पेचीदा हो गया था।
वुड्स ने कहा, "मेरी जिंदगी नरक बन गई थी। मैं रोजाना अपने परिजानों और पत्नी से झूठ बोला करता था। मैं उन लोगों को अंधेरे में रखता था, जो मुझसे बेहद प्यार करते हैं। मेरी जिंदगी झूठ का पुलिंदा बन चुकी थी।"
यह पूछे जाने पर कि मीडिया के माध्यम से सच का सामना करने के बाद उनकी जिंदगी में क्या बदलाव आया है? वुड्स ने कहा, "मेरी जिंदगी में सच्चाई फिर से लौट आई है। अब मैं ऐसा कोई काम नहीं करना चाहता जिससे मेरे परिजन मुझ पर फिर से संदेह करें।"
वुड्स ने कहा कि मुश्किल घड़ी में उन्होंने ध्यान और बुद्ध के विचारों को अपनाया। बकौल वुड्स, "मेडिटेशन (ध्यान) और बुद्ध के विचारों ने मुझे काफी प्रभावित किया है। मैं इन्हें अपनी जिंदगी में उतारना चाहता था। मुश्किल वक्त में मैंने इन्हीं का सहारा लिया और इनका मेरी शख्सियत पर जादुई प्रभाव हुआ।"
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 2009 को फ्लोरिडा में हुई कार दुर्घटना के बाद लगभग 19 महिलाओं ने वुड्स के साथ अवैध संबंधों का दावा किया था। इससे उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी में भूचाल आया गया था। पत्नी एलिन ने उन्हें छोड़ दिया था जबकि कई प्रमुख प्रायोजकों ने उनके साथ करार खत्म कर दिए थे।
हताश वुड्स ने गोल्फ से अनिश्चितकाल के लिए संन्यास ले लिया था लेकिन सार्वजनिक माफीनामे के बाद उन्होंने फिर से गोल्फ में वापसी की घोषणा की। एलिन भी उनके पास लौट आई हैं और कई प्रमुख प्रायोजकों ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त गोल्फ खिलाड़ी वुड्स अगले महीने कोर्स पर वापसी कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।