दिल्ली को वार्नर के रूप में पहला झटका लगा। वार्नर ने सहवाग के साथ 3.1 ओवर में ही टीम का कुल योग 44 रनों तक पहुंचा दिया था लेकिन डेल स्टेन की एक गेंद को वह ठीक से नहीं पढ़ सके और विनय कुमार के हाथों लपके गए।
वार्नर ने अपनी 33 रनों की पारी के दौरान 14 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के लगाए। इसके बाद सहवाग भी अपना संयम खो बैठे और 58 रन के कुल योग पर वह भी पेवेलियन लौट गए। सहवाग का विकेट विनय कुमार के खाते में गया। सहवाग ने 11 गेंदों का सामना करते हुए दो चौकों की मदद से 12 रन बनाए।
दिल्ली की उम्मीदें काफी हद तक कार्यकारी कप्तान दिनेश कार्तिक और अब्राहम डिविलियर्स पर टिकी हैं। डिविलियर्स 22 गेंदों पर तीन चौकों की सहायता से 35 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि कार्तिक 13 गेंदों पर एक चौके की मदद से 13 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में दोनों टीमों का यह छठा मुकाबला है। रॉयल चैलेंजर्स टीम ने चार मैचों में जीत हासिल की है जबकि उसे एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है। वह आठ अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में पहले स्थान पर चल रही है।
दूसरी ओर, दिल्ली की टीम ने अब तक तीन मैच गंवाए हैं जबकि दो में उसे जीत मिली है। शुरुआती दो मैच जीतने के बाद से दिल्ली की टीम लगातार तीन मैच हार चुकी है। वह चार अंकों के साथ तालिका में सातवें स्थान पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।