आईपीएल : डेक्कन चार्जर्स की पारी 151 पर सिमटी (लीड-2)
नागपुर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण के तहत नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में डेक्कन चार्जर्स ने रॉयल चैलेंजर बैंगलोर के खिलाफ एक अहम मुकाबले में 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर कुल 151 रन बनाए।
खराब शुरुआत के बावजूद रोहित शर्मा (51) और मोहनीश मिश्रा (41) शानदार पारियों की बदौलत टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।
डेक्कन चार्जर्स की ओर से हर्शल गिब्स और एडम गिलक्रिस्ट ने पारी की शुरुआत की। अभी टीम के कुल स्कोर में केवल एक रन ही जुड़ा था कि डेल स्टेन ने गिलक्रिस्ट को विकेट के पीछे उथप्पा के हाथों कैच करा दिया। गिलक्रिस्ट अपना खाता भी नहीं खोल सके।
गिलक्रिस्ट के आउट होने के बाद खेलने आए तिरुमालाता सुमन को डेल ने अगली ही गेंद पर रास टेलर के हाथों कैच करवा दिया। डेक्कन को सबसे बड़ा झटका उस समय लगा जब डेल स्टेन ने हर्शल गिब्स को अपना तीसरा शिकार बनाया। गिब्स ने केवल 12 रन बनाए। इसके बाद मोहनीश मिश्रा 30 गेंदों पर शानदार 41 रन बनारक रन आउट हुए। एंड्र सायमंड 19 रनों का योगदान दिया।
रोहित शर्मा ने 46 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली और विनय कुमार की गेंद पर मनीष पांडे के हाथों कैच आउट हुए। रेयान हैरिस (13) और बोदापति सुमन्थ (6) रन बनाकर नाबाद लौटे।
रॉयल चैलेंजर बैंगलोर में दो बदलाव किए गए हैं। प्रवीण कुमार और श्रीराम को बाहर रखा गया है जबकि युवा खिलाड़ी मनीष पाण्डेय और केपी अपन्ना की वापसी हुई है। डेक्कन चार्जर्स की टीम में भी एक बदलाव किया गया है। ड्वेन स्मिथ की जगह हर्शल गिब्स को टीम में जगह दी गई है।
डेक्कन चार्जर्स की टीम यह मैच जीतकर सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहना चाहेगी वहीं दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर बेंगलौर की टीम ने पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राईडर्स को हराकर अच्छी लय प्राप्त कर ली है। वर्तमान में अंक तालिका में जहां डेक्कन चार्जर्स की टीम सातवें स्थान पर है वहीं रॉयल चैलेंजर बैंगलोर दूसरे स्थान पर है। बैंगलोर की टीम यह मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचना चाहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications