टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड की टीम ने पॉल स्टरलिंग (51), निएल ओ' ब्रायन (49) और केविन ओ' ब्रायन (54) की उम्दा पारियों की बदौलत 50 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 219 रन बनाए।
स्टरलिंग ने अपनी 83 गेंदों की पारी में पांच चौके जड़े जबकि निएल ने 76 गेंदों पर एक चौका लगाया। केविन ने 51 गेंदों की अपनी तेज पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए।
वेस्टइंडीज के लिए रवि रामपाल और सुलेमान बेन ने दो-दो विकेट हासिल किए जबकि डेविड बर्नाड ने तीन सफलता अर्जित की। देवनारायण और निकिता मिलर को भी एक-एक सफलता मिली।
जवाब में खेलने उतरी मेजबान टीम ने 44 ओवरों में 213 रन बनाकर मैच जीत लिया। बारिश की वजह से बाधा पड़ने के कारण उसे 45 ओवरों में 213 रन बनाने का पुनर्निधारित लक्ष्य मिला था।
सरवन ने अपनी 111 गेंदों की शानदार शतकीय पारी के दौरान 11 चौके लगाए जबकि देवनारायण ने 49 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के जड़े। डरेन ब्रावो 28 रन बनाकर नाबाद लौटे। सरवन को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।