मोदी ने बताया कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर शनिवार को हुए दो बम धमाकों के बाद सुरक्षा के मद्देनजर 21 और 22 अप्रैल को खेले जाने वाले दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों को मुंबई स्थानांतरित कर दिया गया है। मोदी के मुताबिक अब ये मैच नवी मुंबई स्थित डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले जाएंगे।
मोदी ने धर्मशाला में आईपीएल मैच की कमेंटरी कर रहे पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू से दुबई से फोन पर बातचीत के दौरान कहा, "हम किसी प्रकार का खतरा मोल नहीं लेना चाहते। हम खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध हैं और यही कारण है कि सेमीफाइनल मैचों को मुंबई स्थानांतरित किया जा रहा है।"
उल्लेखनीय है कि शनिवार को स्टेडियम के गेट संख्या-12 के बाहर धमाका हुआ था, जिसमें 16 लोग घायल हुए थे। इनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिकर्मियों को मामूली चोट लगी जबकि एक सुरक्षा स्वयंसेवक को सिर पर गंभीर चोट आई है। उसका इलाज माल्या अस्पातल में किया जा रहा है।
दूसरा धमाका अनिल कुंबले सर्किल के करीब हुआ था। यह स्थान स्टेडियम के मुख्य द्वार से आधा किलोमीटर दूर है। इस धमाके में कोई घायल नहीं हुआ। इसके अलावा जब मैच जारी था तब स्टेडियम की भीतर से भी एक विस्फोटक बरामद किया गया था। उसे निष्क्रिय कर दिया गया। शनिवार को इस्तेमाल में लाए गए तीनों बमों के साथ टाइमर जुड़ा था।
रविवार को भी स्टेडियम के बाहर से दो देसी बम बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि बमों को निष्क्रिय कर दिया गया है। बेंगलुरू के पुलिस उपायुक्त शंकर बिदारी ने बताया कि पहला बम रविवार सुबह करीब नौ बजे स्टेडियम के गेट संख्या-1 के करीब स्थित बस स्टॉप के पास से बरामद किया गया जबकि दूसरा विस्फोटक स्टेडियम के बाहर एक विज्ञापन होर्डिग के पास मिला। दोनों बमों को निष्क्रिय कर दिया गया।
आयुक्त के मुताबिक पुलिस ने विस्फोटकों की तलाश में सुबह से 1000 बिलबोर्डो (विज्ञापन बोर्ड) की जांच की है। उन्होंने कहा, "हम सभी बिलबोर्डो को हटाकर गहनता से जांच कर रहे हैं। अब तक हम इस क्षेत्र में स्थित 1000 बिलबोर्डो की जांच कर चुके हैं। वैसे रविवार को बरामद बमों के साथ टाइमर नहीं जुड़ा था।"
शहर के बीचों-बीच और मुख्य शॉपिंग सेंटर एम.जी. रोड के करीब स्थिति होने के कारण पुलिस काफी गंभीरता से पूरे क्षेत्र की जांच कर रही है। स्टेडियम का मुख्य द्वार कुब्बन रोड की ओर खुलता है, जहां रोजाना हजारों लोग धूमने-फिरने के लिए पहुंचते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*