आईपीएल : सुपर किंग्स को मिला 193 रनों का लक्ष्य (लीड-3)
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की टीम ने सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श (नाबाद 88) के शानदार अर्धशतक की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए। मार्श ने 57 गेंदों पर आठ चौके और पांच छक्के लगाए।
पंजाब की ओर से सलामी बल्लेबाज माहेला जयवर्धने ने 21 और कप्तान कुमार संगकारा ने 33 रनों का योगदान दिया। जयवर्धने ने आठ गेंदों पर दो चौके और दो छक्के लगाए। संगकारा ने 24 गेंदों का सामना करते हुए पांच चौके लगाए।
युवराज सिंह (1) ने निराश किया लेकिन हरफनमौला खिलाड़ी इरफान पठान ने अपनी उपयोगिता साबित करते हुए मार्श का अच्छा साथ दिया। पठान ने 27 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की सहायता से नाबाद 44 रन बनाए। पठान और मार्श ने चौथे विकेट के लिए आठ ओवरों में नाबाद 99 रन जोड़े।
लगभग 4000 फुट की ऊंचाई पर बनाए गए इस स्टेडियम में आईपीएल का दूसरा मैच खेला जा रहा है। इस स्टेडियम की क्षमता 20,000 दर्शकों की है। यह आईपीएल के लिए सबसे अधिक ऊंचाई पर स्थित आयोजन स्थल है।
दोनों टीमों का यह 14वां मुकाबला है। सुपर किंग्स की टीम ने छह मुकाबले जीते हैं जबकि सात में उसकी हार हुई है। उसके कुल 12 अंक हैं और वह आठ टीमों की तालिका में पांचवें स्थान पर है।
दूसरी ओर किंग्स इलेवन की टीम ने चार मैचों में जीत हासिल की है। नौ मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस तरह उसके खाते में सबसे कम आठ अंक आ सके हैं। वह तालिका में आठवें स्थान पर है।
किंग्स इलेवन सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका है लेकिन सुपर किंग्स के पास अब भी अंतिम-चार में स्थान बनाने का मौका है। इसके लिए हालांकि उसे यह मैच जीतने के साथ-साथ दूसरी टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों के परिणाम पर आश्रित रहना होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications