आईपीएल : नाइट राइडर्स को मिला 134 रनों का लक्ष्य (लीड-2)
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाए। मुंबई की ओर से सौरभ तिवारी ने 46 और अंबाती रायडू ने 27 रनों का योगदान दिया।
मुंबई को पहला झटका पहले ही ओवर में आदित्य तारे के रूप में लगा। वह एक रन ही बना सके। तीसरे ओवर में शिखर धवन भी 10 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। उस समय टीम का कुल योग 14 रन था।
जीन पाल ड्युमिनी 13वें ओवर में 19 रन बनाकर आउट हुए। सौरभ तिवारी 37 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाकर आउट हुए। उस समय टीम का कुल योग 77 रन था। इसके बाद राजगोपाल सतीश ने 11 रन और बिन्नी ने आठ रन बनाए। अंबाती रायडू 15 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाकर रन आउट हो गए।
दोनों टीमों का यह 14वां और 12 मार्च को शुरू हुए आईपीएल के तीसरे संस्करण का अंतिम लीग मुकाबला है। मुंबई की टीम 20 अंकों के साथ सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है जबकि कोलकाता की टीम इस दौड़ से बाहर हो चुकी है।
इस मैच के लिए वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो को मुंबई टीम की कमान सौंपी गई है। नियमित कप्तान सचिन तेंदुलकर ने पांच अहम खिलाड़ियों के साथ आराम करने का फैसला किया है।
मुंबई की टीम ने अब तक खेले गए 13 मुकाबलों में से 10 में जीत हासिल की है जबकि तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर, कोलकाता की टीम ने अब तक छह मैच जीते हैं जबकि उसे सात मैच गंवाने पड़े हैं।
मुंबई की टीम के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स, मौजूदा चैम्पियन डेक्कन चार्जर्स और पिछले वर्ष फाइनल खेलने वाली बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स की टीमें अंतिम-4 में जगह बनाने में सफल रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications