ट्वेंटी-20 विश्व कप : सहवाग बाहर, मुरली को मौका (लीड-1)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को जारी अपने बयान में कहा कि सहवाग को कंधे में चोट लगी है और इससे उबरने में उन्हें तीन से चार सप्ताह लग सकते हैं। बीसीसीआई ने हालांकि स्पष्ट तौर पर यह नहीं कहा कि सहवाग को कब और कैसे चोट लगी है।
बीसीसीआई सचिव एन. श्रीनिवासन ने कहा, "सहवाग को कंधे में चोट लगी है। उन्हें तीन से चार सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी गई है। इस कारण वह ट्वेंटी-20 विश्व कप में नहीं खेल सकेंगे।"
सहवाग के स्थान पर तमिलनाडु के सलामी बल्लेबाज मुरली विजय को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। मुरली ने आईपीएल-3 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है।
श्रीनिवासन ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की तकनीकी समिति की स्वीकृति मिलने के बाद ही मुरली को टीम में शामिल किया गया है। गौतम गंभीर टीम के उपकप्तान होंगे।
सहवाग चोट के कारण 2009 में इंग्लैंड में खेले गए ट्वेंटी-20 विश्व कप में भी नहीं खेल सके थे। वह टीम के साथ इंग्लैंड गए थे लेकिन उन्हें एक भी मैच के लिए मैदान में उतरने का मौका नहीं मिल सका था।
सहवाग के स्थान पर टीम में शामिल किए गए मुरली ने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए इस वर्ष आईपीएल में कुल 417 रन बटोरे हैं। वह टेस्ट तथा एकदिवसीय मैचों के लिए भारत के सुरक्षित सलामी बल्लेबाज रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications